
जोधपुर। लोहावट थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के बच्चों और महिलाओं सहित 11 से अधिक लोग घायल हो गए। हेमराज टांका और फतेहसागर के बीच गोलाई में सामाजिक समारोह से लौट रही कैंपर अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और कैंपर में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों से लोहावट और पीलवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। लोहावट जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया।
लोहावट जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. प्रदीप विश्नोई के अनुसार फतेहसागर गांव निवासी एक ही परिवार के लोग और उनके रिश्तेदार रविवार को ओसियां क्षेत्र के डाबड़ी गांव में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बच्चों व महिलाओं सहित कैंपर से वापस फतेहसागर लौट रहे थे।
हेमराज टांका और फतेहसागर के बीच रास्ते में एक गोलाई पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कैंपर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 11 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंपर गोलाई में पलटने के बाद वापस सीधी हो गई। वाहन में सवार बच्चों और महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर सड़क किनारे मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला।
फतेहसागर निवासी श्रवण कुमार विश्नोई, ओमप्रकाश सिद्धाणी, सोहनराम कड़वासरा, जगदीश जांगू सहित अन्य लोगों ने घायलों को अपने निजी वाहनों से लोहावट और पीलवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। कई घायलों को पीलवा अस्पताल ले जाने की भी जानकारी सामने आई है।
लोहावट जिला अस्पताल में कुल 11 घायलों को उपचार के लिए लाया गया। पीएमओ डॉ. प्रदीप विश्नोई ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सात घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जोधपुर रेफर किया गया। रेफर किए गए घायलों में किरण (19), पूजा (18), पप्पुराम (46), गोविन्दराम (57), खुशी (15), धापू (65) और पप्पूराम पुत्र छोगाराम शामिल हैं। वहीं सुगना (8), सुशीला (15), रवीना (20) और मीना (15) को भी हादसे में चोटें आईं। इनका लोहावट जिला अस्पताल में उपचार किया गया।