
जोधपुर। दहेज प्रताड़ना के झूठे आरोप में बुधवार को गिरफ्तार करने के बाद काजल और उसकी मां प्रेमलता को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया। नागौरी गेट थानाधिकारी के अनुसार, 29 वर्षीय देवेंद्र पुत्र शिवसिंह सांखला का विवाह 2014 में काजल के साथ हुआ। इसके बाद से पत्नी काजल सहित उसके पीहर वाले पति देवेंद्र को परेशान करते थे।
पत्नी और ससुराल वालों से तंग आकर देवेंद्र ने एक दिसंबर 2016 को 15 पेज का एक सुसाइड नोट छोड़ कर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने से पहले देवेंद्र ने सुसाइड नोट में लिखा कि पत्नी काजल हर दिन रुपयों की डिमांड करती हैं। मकान अपने नाम करने के लिए दबाव बनाती है। इसके साथ ही पति व उसके माता-पति समेत उसके शेष परिवार वाले भी परेशान करते हैं।
काजल ने डिमांड पूरी नहीं होने पर पति देवेंद्र और उसके परिवार के लोगों के खिलाफ महिला पुलिस थाना जाकर दहेज प्रताड़ना का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया था। इससे परेशान होकर देवेंद्र ने मौत को गले लगा लिया। पुलिस के अनुसार, बेटे देवेंद्र की मौत के बाद पिता ने पुलिस को सुसाइड नोट दिया और उसकी पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में कहा कि दहेज प्रताड़ना का झूठा मुकदमा दर्ज करवाने से उनके बेटे ने परेशान होकर आत्महत्या की है।