जोधपुर

आचार्यों का मोहल्ला बफर जोन घोषित, आवागमन बंद

- कोरोना संक्रमण से बचाव के नियमों की पालना के लिए ग्रामीणों ने शपथ ली
less than 1 minute read
Jul 28, 2020
आचार्यों का मोहल्ला बफर जोन घोषित, आवागमन बंद
आचार्यों का मोहल्ला बफर जोन घोषित, आवागमन बंद

जोधपुर.
तिंवरी और मसूरिया में कुम्हारों की बगेची, श्रमिकपुरा व बलदेव नगर के बाद अब भीतरी शहर में आचार्यों का मोहल्ला भी कंटेनमेंट जोन (बफर जोन) घोषित कर दिया गया। इसी के साथ सदर बाजार थाना पुलिस ने मोहल्ले में बैरिकेडिंग कर आमजन का आवागमन बंद कर दिया।

थानाधिकारी सुरेश चौधरी के अनुसार आचार्यों का मोहल्ला में कोरोना संक्रमण के १३ मामले आने के बाद बफर जोन घोषित कर दिया गया। क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवश्यक सेवाओं के अलावा अन्य पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। मोहल्ले से बाहर निकलने वाले मार्गों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। सिर्फ आवश्यक सेवाओं वाले व्यक्तियों को ही आवाजाही की अनुमति है।
नियमों का पालन करने की शपथ ली

मथानिया थानाधिकारी डॉ गौतम डोटासरा ने बताया कि कंटेनमेंट जोन घोषित होने के साथ ही तिंवरी में लॉक डाउन लगा दिया गया है। कस्बे के रामपुरा में सायंकालीन गश्त के दौरान सीएलजी सदस्यों की बैठक ली गई। उन्हें महामारी अधिनियम की रोकथाम के लिए जारी नियमों की पालना करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही प्रमुख बाजार व मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की हिदायत दी गई।

Published on:
28 Jul 2020 04:37 am