जोधपुर

निगहबान- महासंकट: खत्म होता पानी…सूखते हलक, बूंद-बूंद को तरसेंगे

Kaylana Lake: कायलाना जलाशय में वर्तमान में करीब 46.80 फीट पानी है, जो लगभग 90 एमसीएफटी के बराबर है। जबकि इस समय जलस्तर 50 से 54 फीट होना चाहिए।
3 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 5:36 PM IST
Kaylana Lake
कायलाना झील। फोटो- पत्रिका

जोधपुर की प्यास गहराने लगी है। शहर के प्रमुख जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से चिंता बढ़ा रहा है। कायलाना और तखत सागर, जिनके भरोसे शहर की बड़ी आबादी की प्यास बुझती है, आज अपनी जरूरत के मुकाबले आधे पानी से भी कम पर हैं। हालात साफ संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में शहर को पानी की गंभीर किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। यह खतरे की घंटी है, जिसे समय रहते सुनना जरूरी है। प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े शहर जोधपुर में पिछले आठ-नौ महीनों से जलापूर्ति का संकट बना हुआ है।

क्लोजर से पहले ही शहर में पानी की नियमित आपूर्ति प्रभावित होने लगती है। क्लोजर के दौरान हालात और बिगड़ते हैं, लेकिन इसके समाप्त होने के बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटती। शहर के कई इलाकों में निर्धारित समय पर पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि बाहरी क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में लोग टैंकरों के भरोसे अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। सर्दी के मौसम में यह स्थिति है तो गर्मियों में शहर की प्यास कैसे बुझाई जाएगी? कायलाना जलाशय में वर्तमान में करीब 46.80 फीट पानी है, जो लगभग 90 एमसीएफटी के बराबर है। जबकि इस समय जलस्तर 50 से 54 फीट होना चाहिए। तखत सागर में भी 39.70 फीट यानी लगभग 75 एमसीएफटी पानी बचा है। दोनों जलाशयों में कुल पानी करीब 165 एमसीएफटी है, जबकि आगामी क्लोजर और शहर की जरूरत को देखते हुए कम से कम 300 एमसीएफटी पानी होना चाहिए। यानी शहर के प्रमुख जल स्रोतों में जरूरत के मुकाबले पानी लगभग आधा है।

मौजूदा जलस्तर के हिसाब से दोनों जलाशयों में करीब 12 दिन की आपूर्ति का पानी बचा है। डेड स्टोरेज को अलग कर दें तो उपयोग योग्य पानी केवल दो दिन के आसपास रह जाता है। शहर की प्रतिदिन करीब 15 एमसीएफटी जरूरत के सामने यह उपलब्धता बेहद चिंताजनक है। कायलाना से शहर के करीब आधे हिस्से को पानी मिलता है, जबकि तखत सागर से कुड़ी, लूणी, उम्मेदसागर, हाउसिंग बोर्ड, एमईएस और रेलवे क्षेत्र निर्भर हैं। जलाशयों का स्तर गिरने का असर सीधे लाखों लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा।

इंदिरा गांधी नहर से आने वाला पानी भी अब शहर की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं रह रहा। क्लोजर समाप्त होने के छह महीने बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिलना जल प्रबंधन और मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फरवरी-मार्च से शुरू होने वाली परेशानी क्लोजर के दौरान विकराल होती है और बाद में भी खत्म नहीं होती। व्यवस्था पर यह आरोप भी हैं कि जोधपुर के हिस्से का पानी ग्रामीण क्षेत्रों में दिया जा रहा है और राजनीतिक दबाव के चलते वहां शटडाउन केवल कागजों में रह गया है। लूणी, कुड़ी और झालामंड सहित कई क्षेत्रों में हालात खराब हैं। शहर और गांव दोनों की जरूरतों के बीच पानी का वितरण पारदर्शी और जवाबदेह होना चाहिए।
जोधपुर का विस्तार लगातार हो रहा है।

शहर चारों दिशाओं में फैल रहा है, आबादी बढ़ रही है और पानी की मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में केवल कायलाना और तखत सागर जैसे सीमित जल स्रोतों पर निर्भर रहना भविष्य के लिए पर्याप्त नहीं होगा। उम्मेद सागर को नए और मजबूत जल स्रोत के रूप में विकसित करने की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे। वहां पानी के संग्रहण और भंडारण की क्षमता बढ़ाकर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्था विकसित करना जरूरी है, ताकि संकट के समय शहर को अतिरिक्त जल उपलब्ध हो सके। पानी की कमी केवल घरों के नलों तक सीमित समस्या नहीं है। इसका असर जनजीवन, व्यापार, उद्योग, पर्यटन और शहर की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। टैंकरों की मांग बढ़ेगी, पानी खरीदने की मजबूरी होगी और सबसे ज्यादा मार उन परिवारों पर पड़ेगी, जो अतिरिक्त खर्च वहन नहीं कर सकते।

अभी चेतने और तैयारी करने का समय है। जलाशयों, नहर से आवक और वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग, पानी की बर्बादी पर रोक सहित वैकल्पिक स्रोतों जैसे रेलवे ट्रेन चलाने की जरूरत पड़ी तो इसके लिए भी समय रहते व्यवस्थाएं करनी पड़ेगी। जोधपुर में वाटर ट्रेन से पानी भेजने की व्यवस्था है, लेकिन पानी लाने की नहीं। वाटर ट्रेन से पानी आने के बाद उनको अनलोडिंग करना और पाइप लाइन के जरिये सप्लाई चैनल तक पहुंचाने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में आगामी मार्च-अप्रेल से पहले ही यह व्यवस्थाएं भी करनी होगी तो ही यह वैकल्पिक मार्ग सफल होगा। अंतिम समय में कुछ नहीं होगा। कायलाना और तखत सागर का गिरता जलस्तर चेतावनी दे रहा है। यदि वक्त रहते नहीं संभले, तो जोधपुर की हलक सूखने के साथ शहर बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को मजबूर होगा।
sandeep.purohit@in.patrika.com

x/@sandeeppurohit

Updated on:
23 Nov 2026, 5:36 PM IST
Published on: