जोधपुर

छात्राओं-महिलाओं की सुरक्षा: 48 महिला सिपाही सुबह 6 से रात 10 बजे तक मुस्तैद…

Patrika Mahila Suraksha Abhiyan: पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की 48 महिला सिपाही छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा और मनचलों को सबक सिखाने के लिए 16 घंटे मुस्तैद हैं।
3 min read
Feb 14, 2025
Feature image
Kalika Patrolling Unit

Jodhpur News : पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट (KPU) की 48 महिला सिपाही छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा के लिए 16 घंटे मुस्तैद हैं। यूनिट की महिला सिपाही सुबह 6 से दोपहर 2 बजे और दोपहर 2 से रात 10 बजे की दो पारियों में गर्ल्स स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, मॉल व गार्डन में जाकर महिलाओं को मनचले युवकों व बदमाशों से राहत दिलाने में सक्रिय हैं। यूनिट की ओर से दो महीने में डेढ़ सौ स्कूल, कोचिंग संस्थान, लाइब्रेरी, हॉस्टल, मॉल में जाकर बीस हजार से अधिक छात्राओं को महत्वपूर्ण टिप्स दे चुकी हैं।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुनील पंवार ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम व पूर्वी जिले में कालिका पेट्रोलिंग की 12 यूनिट बनी हुईं हैं। इनमें से छह-छह यूनिट में 12-12 महिला सिपाही दो पारियों में सुबह 6 से रात 10 बजे तक छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहती हैं। प्रत्येक यूनिट को एक-एक मोपेड, वायरलैस सैट मुहैया करवाया गया है। जो स्कूल, कॉलेज, मॉल, कोचिंग संस्थान, गर्ल्स छात्रावास, सार्वजनिक उद्यान, धार्मिक स्थल और अन्य जगहों पर गश्त कर रही हैं।

मनचलों को सबक सिखाने की प्रमुख कार्रवाई…

  • - एक मॉल की महिला कार्मिक ने यूनिट की कांस्टेबल के निजी मोबाइल नबर पर कॉल कर एक युवक के अश्लील मैसेज व कॉल करके परेशान करने की सूचना दी थी। यूनिट की कांस्टेबल मॉल पहुंची और जानकारी ली। युवक अज्ञात था तो थाने में सूचित कर कार्रवाई शुरू करवाई।
  • - गर्ल्स हॉस्टल की युवती को एक युवक परेशान कर रहा था। वह उसका रिश्ता तोड़ने की धमकियां देता था। जिस युवक से युवती का रिश्ता हुआ था, उसे भी झूठी जानकारी देता था। कालिका यूनिट ने आरोपी युवक और उसके भाई से बात की और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया। तब से उसकी हरकतें बंद हो गईं।
  • - स्कूल में कार्यक्रम के दौरान मौजूद एक छात्रा ने कालिका यूनिट की कांस्टेबल को फोन कर अवगत कराया था कि वह ट्रेन में दिल्ली से आ रही है। सामने वाली सीट पर बैठे युवक फब्तियां कस रहे हैं और परेशान कर रहे हैं। कालिका यूनिट ने आरपीएफ की मदद ली। पता लगते ही युवक गायब हो गए।
  • - कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड में गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन ने कॉल कर अवगत कराया कि एक युवक हॉस्टल के बाहर आवारागर्दी व अश्लील हरकतें करता है। यूनिट की सिपाही हॉस्टल पहुंची। चार-पांच दिन तक गश्त की तो युवक पकड़ में आ गया। उसके घरवालों को बुलाकर पाबंद कराया गया।
  • - एक युवती से युवक ने मित्रता की। फिर उसे होटल ले गया था, जहां उसके अश्लील फोटो ले लिए थे। जिससे वह ब्लैकमेल कर सोने की अंगूठी व रुपए मांगने लग गया। यूनिट की सिपाहियों ने युवक को पकड़ा और ऑफिस लेकर आई, जहां उसे पाबंद कराया गया।

परेशान करें तो 1090 पर या नीड हेल्प पर सूचना दें

पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर में यदि कोई महिला व छात्रा से कोई व्यक्ति छेड़छाड़ या परेशान कर रहा है तो वो इस संबंध में टोल फ्री नबर 1090 पर सूचित कर सकता है। इसके अलावा राज कॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करके उसमें नीड हेल्प में जाकर सूचित कर सकती हैं।

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट (पश्चिम) की उपलब्धि …

  • - 81 स्कूलों में विजिट कर 13750 बालिकाओं को जागरूक किया।
  • - नीड हेल्प ऐप के बारे में 13750 छात्राओं को जानकारी दी।
  • - 2299 छात्राओं व महिलाओं को राज कॉप ऐप डाउनलोड करवाया।
  • - 157 गर्ल्स हॉस्टल का विजिट कर छात्राओं को दी जानकारी।
  • - 58 लाइब्रेरी का विजिट कर छात्राओं को दी जानकारी।
  • - 8 कोचिंग संस्थान में छात्राओं को दी जानकारी।
  • - 39 मॉल का विजिट कर महिलाओं व युवतियों को जानकारी दी।
  • - 2463 युवतियों को यूनिट के सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़ा।
Updated on:
14 Feb 2025 12:58 pm
Published on:
14 Feb 2025 12:46 pm