
फलोदी। राजस्थान के फलोदी जिले में शनिवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। देचू थाना क्षेत्र के मंडला के पास कार और टेम्पो ट्रेवलर मिनी बस की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसे में कार सवार मध्य प्रदेश के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मिनी बस में सवार एक घायल ने जोधपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को देचू अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम देचू थाना क्षेत्र के मंडला के पास कार और मिनी बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल देचू अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने कार सवार दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के देवास निवासी मुकेश बालोटिया पुत्र नरेंद्र बालोटिया और देवास जिले के सोनकच निवासी राजेंद्र पुत्र नथरिया के रूप में हुई है।
देचू अस्पताल प्रभारी कैलाश बिश्नोई के अनुसार, हादसे के बाद कुल 20 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दो की मौत हो चुकी थी। शेष 18 घायलों में से 14 को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से जोधपुर रेफर किया गया। चार घायलों को मामूली चोटें आने पर उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल पहुंचने पर घायलों में शामिल जयंतीभाई (45) की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई, जबकि 17 लोग घायल हैं।
हादसे का शिकार हुई मिनी बस में गुजरात के पालनपुर और आसपास के क्षेत्रों के 18 यात्री सवार थे। घायलों में नीलाबेन (50), रेयांश (2), सवाई सिंह (23), सतीश पटानी (12), भावना (16), हसमुख पटानी (30), आरती (24), कैलाशबेन (30), सुनीता (25), मंजूबेन (40), जितेन (42), पूजाबेन (26), सचिन (28), भरतलाल पटानी (50), अनिल (36), मनोजभाई (28) और राहुलभाई (26) शामिल हैं। इनमें अधिकांश यात्री पालनपुर और दांतीवाड़ा बनास फांटा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की खबर मिलने के बाद घायलों के परिजनों में चिंता का माहौल है। जोधपुर रेफर किए गए घायलों का उपचार जारी है।