जोधपुर

PM Modi Jodhpur Visit: मोदी ने 5900 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात, कहाः एयरपोर्ट से सुंदर बना दूंगा रेलवे स्टेशन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रावण का चबूतरा मैदान में जोधपुर में सड़क, रेल, विमानन, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्रों की 5900 करोड़ रुपए लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया
3 min read
Oct 05, 2023
modi.jpg

जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जोधपुर के रावण का चबूतरा मैदान में सड़क, रेल, विमानन, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्रों की 5900 करोड़ रुपए लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रख उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि एयरपोर्ट शानदार बनाने का फैशन है, क्योंकि वहां बड़े-बड़े लोग जाते हैं। गरीब रेलवे स्टेशन जाता है, इसलिए मैं रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट से भी बढ़िया बना दूंगा। इसमें जोधपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है। मोदी ने कहा कि पिछले दिनों जोधपुर में हुई जी-20 बैठक की तारीफ दुनिया भर के मेहमानों ने की। हर कोई रेतीले धोरों, मेहरानगढ़ किले और जसवंत थाड़ा को जरूर देखना चाहता है। मैं चाहता हूं कि भारत के गौरवशाली अतीत का प्रतिनिधित्व करने वाला राजस्थान भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करे।

एम्स में विकसित होंगे सात क्रिटिकल केयर ब्लॉक
- प्रधानमंत्री राजस्थान में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, जोधपुर में 350 बिस्तरों वाला ट्रोमा सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक विकसित किए जाएंगे।
- पूरे राजस्थान में प्रधानमंत्री-आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-एबीएचआइएम) के तहत सात क्रिटिकल केयर ब्लॉक विकसित किए जाएंगे।
- एम्स जोधपुर में द्मट्रॉमा, इमरजेंसी और क्रिटिकल केयरद्य के लिए एकीकृत केंद्र 350 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित किया जाएगा। इसमें ट्राइएज, डायग्नोस्टिक्स, डे केयर, वार्ड, निजी कमरे, मॉड्यूलर ऑपरेटिंग थिएटर, गहन चिकित्सा कक्ष और डायलिसिस कक्ष जैसी विभिन्न सुविधाएं शामिल होंगी।
- व्यापक देखभाल प्रदान करके ट्रॉमा और आपातकालीन मामलों के प्रबंधन में एक समग्र दृष्टिकोण लाएगा। समूचे राजस्थान में विकसित किए जाने वाले क्रिटिकल केयर से राज्य के लोगों को जिला स्तर पर क्रिटिकल केयर अवसंरचना का लाभ मिलेगा।

एयरपोर्ट का रूप संवरेगा
- प्रधानमंत्री जोधपुर हवाई अड्डे पर अत्याधुनिक नई टर्मिनल बिल्डिंग की आधारशिला भी रखेंगे।
- कुल 480 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली नई टर्मिनल बिल्डिंग लगभग 24,000 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जाएगी और व्यस्त समय के दौरान 2,500 यात्रियों को सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह सुसज्जित होगी।
- यहां सालभर में 35 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान की जा सकेगी, जिससे कनेक्टिविटी में सुधार होगा और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

शिक्षा में ऊंची छलांग
- प्रधानमंत्री आइआइटी जोधपुर परिसर भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह अत्याधुनिक परिसर 1135 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनाया गया है, जो आधुनिक अनुसंधान और नवाचार पहलों से युक्त उच्च गुणवत्ता वाली समग्र शिक्षा प्रदान करने और बुनियादी ढांचे के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
- प्रधानमंत्री राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए नवविकसित केंद्रीय उपकरण प्रयोगशाला, स्टाफ क्वार्टर और योग और खेल विज्ञान भवन राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
- प्रधानमंत्री राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में केंद्रीय पुस्तकालय, 600 छात्रों की क्षमता वाले छात्रावास और छात्रों के लिए भोजन कक्ष की सुविधा की भी आधारशिला रखेंगे।

सड़क नेटवर्क का सुदृढ़ीकरण
- राजस्थान में सड़कों के बुनियादी ढांचे में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री एनएच-125ए पर जोधपुर रिंग रोड के करवड़ से डांगियावास खंड को चार लेन बनाने सहित कई सड़क विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
- जालोर (एनएच-325) के रास्ते बालोतरा से सांडेराव खंड के प्रमुख शहरी भागों को जोड़ने के लिए सात बाईपास का निर्माण और एनएच-25 के पचपदरा-बागुंडी खंड को चार लेन बनाने की परियोजना शामिल हैं। ये सडक परियोजनाएं लगभग 1475 करोड़ रुपए की संचयी लागत से बनाई जाएंगी।
-जोधपुर रिंग रोड से शहर में यातायात का दबाव कम करने और वाहन प्रदूषण में कमी लाने में मदद मिलेगी। परियोजनाएं क्षेत्र में कनेक्टिविटी में सुधार करने के साथ-साथ, व्यापार को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास में भी मदद करेंगी।

रेलवे नेटवर्क को मजबूती
- प्रधानमंत्री राजस्थान में दो नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें जैसलमेर को दिल्ली से जोडऩे वाली रुणिचा एक्सप्रेस और मारवाड़ जंक्शन को खामली घाट से जोड़ने वाली हेरिटेज ट्रेन शामिल हैं।
- रुणिचा एक्सप्रेस जोधपुर, डेगाना, कुचामन सिटी, फुलेरा, रींगस, श्रीमाधोपुर, नीम का थाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी से होकर गुजरेगी, जिससे राष्ट्रीय राजधानी से सभी शहरों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
- मारवाड़ जंक्शन-खामली घाट को जोडऩ़े वाली नई हेरिटेज ट्रेन पर्यटन को बढ़ावा देगी और क्षेत्र में रोजगार पैदा करेगी।
- प्रधानमंत्री दो अन्य रेल परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें 145 किमी लंबी ‘डेगाना-राईका बाग’ रेल लाइन और 58 किमी लंबी द्मडेगाना-कुचामन सिटीद्य रेल लाइन के दोहरीकरण की परियोजनाएं शामिल हैं।

Updated on:
05 Oct 2023 11:52 am
Published on:
05 Oct 2023 09:28 am