जोधपुर

पीएम मोदी के जोधपुर आने से पहले भाजपा से नाराज पार्षद ने पार्टी से किया किनारा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक पहले भाजपा शासित नगर निगम बोर्ड में नाटकीय खेल शुरू हो गया है।
2 min read
Oct 04, 2023
modi_9.jpg
PM Modi

जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक पहले भाजपा शासित नगर निगम बोर्ड में नाटकीय खेल शुरू हो गया है। भाजपा पार्षद अपने ही बोर्ड की खिलाफत कर रहे हैं। खिलाफत ही नहीं बल्कि पार्षद पार्टी से इस्तीफा भी दे रहे हैं। इससे भाजपा शहर जिला संगठन के साथ ही निगम बोर्ड की भी मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। सूत्रों के अनुसार करीब 5-6 और असंतुष्ट पार्षद इस्तीफा देने का मानस बना रहे हैं। दरअसल नगर निगम दक्षिण बोर्ड के भाजपा पार्षद अपने ही बोर्ड से नाराज चल रहे हैं। निगम दक्षिण के वार्ड 2 के पार्षद दलपत वैष्णव ने अब भारतीय जनता पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपे इस्तीफे में वैष्णव ने इसकी वजह निगम बोर्ड में उनके कार्य नहीं होना बताया है। हालांकि संगठन इस बारे में खुलकर अभी तक कोई जवाब नहीं दे रहा है। संगठन कह रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के बाद नाराज पार्षदों से बैठकर बात की जाएगी।

नहीं मिल रहा बोर्ड का सहयोग
नाराज पार्षद दलपत वैष्णव ने अपने इस्तीफा में कहा कि निगम में बोर्ड का सहयोग नहीं मिलने से वार्ड में कार्य नहीं हो रहा है। वार्ड में पट्टे देने का कहने के बाद भी बोर्ड ने कई स्थानों की पत्रावलियां खारिज कर दी। अब जनता को जवाब देना भारी पड़ गया है। जब भाजपा शासित बोर्ड में हमारा काम नहीं हो रहा है तो हमें पार्टी में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

दावा बूथ मजबूती का, लेकिन पार्षद छोड़ रहे भाजपा
भाजपा बार-बार चुनावी सभाओं में बूथ मजबूत करने का दावा कर रही है। जबकि नगर निगम दक्षिण में भाजपा शासित बोर्ड के पार्षद एक के बाद एक बोर्ड के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं। इससे आगामी चुनावों पर भारी असर पड़ता हुआ नजर आ रहा है।

पूर्व में एक पार्षद ने भी जताई थी नाराजगी
गत दिनों वार्ड 3 के पार्षद अशोक सिंह चौहान ने भी बोर्ड से नाराजगी जाहिर करते हुए इस्तीफा दिया था। अब एक माह के भीतर ही वार्ड 2 के पार्षद ने भी बोर्ड के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हए भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। पार्षद का इस्तीफा सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है।

बोर्ड के खिलाफ मेरी नाराजगी है, इसलिए मैंने इस्तीफा दिया है। हमारे काम ही जब नहीं हो रहे है तो हमें भाजपा में रहने का कोई अधिकार नहीं है। मैंने मेरा इस्तीफा भाजपा जिलाध्यक्ष को दे दिया है। आगे क्या करना है वे जाने।

दलपत वैष्णव, पार्षद, वार्ड संख्या 2

मुझे इस प्रकरण के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अभी हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा के कार्य में लगे हुए हैं।
जगवीर छाबा, प्रदेश महामंत्री, भाजपा

Published on:
04 Oct 2023 11:38 am