जोधपुर

जोधपुर जेल में हुआ कुछ ऐसा जिससे फिर सुर्खियों में आया भंवरी देवी मामला

www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Sep 02, 2018
bhanwari devi
hearing in Bhanwari devi abduction and murder case

जोधपुर। जोधपुर केंद्रीय जेल में हिस्ट्रीशीटर और शास्त्रीनगर में मॉल के बाहर दिनेश बम्बानी पर फायरिंग के आरोपी राकेश मांजू ने जेल में जन्मदिन मनाया। बर्थडे पार्टी में केक काटने का फोटो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। केक काटने के समय मांजू के अलावा भंवरीदेवी प्रकरण में आरोपियों समेत कई बंदी उपस्थित थे।

जेल प्रशासन ने जेल मैन्युअल के तहत केक ले जाने की अनुमति देना स्वीकार करते हुए कहा कि मोबाइल से फोटो खींचकर वायरल करने की जांच कराई जाएगी। सूत्रों के अनुसार हिस्ट्रीशीटर, बालेसर थानान्तर्गत भाटेलाई पुरोहितान गांव निवासी राकेश मांजू को गत वर्ष लाखों रुपए के लेनदेन विवाद में शास्त्रीनगर में मॉल के बाहर दिनेश बंबानी पर गोली चलाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वो अभी सेंट्रल जेल में है।

उसने शुक्रवार शाम जेल में अपना जन्मदिन मनाया। इसके लिए जेल प्रशासन की अनुमति से केक मंगवाया गया था। केक काटने के समय मांजू के अलावा भंवरीदेवी प्रकरण में आरोपी कैलाश जाखड़, दिनेश विश्नोई और लूणी के पूर्व विधायक का भाई परसराम विश्नोई समेत कई बंदी उपस्थित थे।

जेल अधीक्षक कैलाश त्रिवेदी का कहना है कि जन्मदिन पार्टी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। जेल मैन्युअल के तहत जेल में मिठाई ले जाने की इजाजत है, लेकिन मोबाइल से फोटो खींचना व वायरल करना अपराध है ।

Published on:
02 Sept 2018 07:53 am