
Uproar In Jodhpur: राजस्थान के जोधपुर जिले में एक बछड़े का जला हुआ शव मिलने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना माता का थान थाना क्षेत्र के 80 फीट रोड की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गोभक्त मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर आक्रोश जताने लगे।
घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोग और गोभक्त मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद भी लोग काफी देर तक मौके पर डटे रहे।
पुलिस ने जले हुए गोवंश के शव को कब्जे में लेकर रातानाडा स्थित पशु चिकित्सालय भिजवाया जहां उसका पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोवंश का शव कचरे के ढेर में जली हुई अवस्था में मिला था।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की 'गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया था फिलहाल पोस्टमार्टम करवाकर रिपोर्ट आने तक सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।'