
जोधपुर.
पूर्व केन्द्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बयान ‘मैं महिला हूं, मुझ पर हमले करने आसान है’ पर कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ओर से सोनिया गांधी के बारे में दुष्प्रचार किया जाता है और गलत शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है, तब वसुंधरा राजे क्यों नहीं बोलती हैं।
वे शुक्रवार को जोधपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। राजस्थान में कांग्रेस से मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर शर्मा ने कहा कि अब चुनाव हैं, अशोक गहलोत वरिष्ठ नेता हैं। अन्य नेता भी चुनाव लड़ रहे है। केन्द्रीय मंत्री गिरजा व्यास, सीपी जोशी, प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट सहित सब लोग चुनाव लड़ रहे हैं। इस वक्त कांग्रेस पार्टी एक है। कांग्रेस पार्टी चुनाव के बाद सर्वसम्मति से अपना नेता तय करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पसंद में वही मुख्यमंत्री बने, जो सबसे ज्यादा लोकप्रिय हो।