
Rajasthan : जोधपुर. राजस्व लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों से जवाब मांगने की परिवहन मुख्यालय की जल्दबाजी विभाग पर ही भारी पड़ गई। अधिकारियों की मौजूदा पदस्थापना और सेवा संबंधी रिकॉर्ड की जांच किए बिना नोटिस जारी कर दिए गए। जोधपुर में दस महीने पहले स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले चुकीं पूर्व आरटीओ आकांक्षा बैरवा को जवाब देने का नोटिस थमा दिया गया, वहीं बालोतरा के जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) भगवानाराम गहलोत को प्रादेशिक परिवहन अधिकारी (आरटीओ) दर्शा दिया गया। अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासनिक) ओपी बुनकर ने 18 नवंबर को ये पत्र विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे थे, लेकिन त्रुटियां सामने आने के बाद इन्हें हटा दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच इसकी खासी चर्चा है।
नोटिस में जिला परिवहन अधिकारी के रूप में आकांक्षा बैरवा का नाम दर्ज था, जबकि राज्य सरकार एक फरवरी 2026 को ही उनका वीआरएस आवेदन मंजूर कर चुकी थी। नोटिस में सितंबर 2026 तक आवंटित 88.27 करोड़ रुपए के राजस्व लक्ष्य के मुकाबले 67.39 करोड़ रुपए की वसूली का उल्लेख करते हुए 30 नवंबर तक जवाब मांगा गया था। साथ ही जवाब नहीं देने पर राजस्थान सिविल सेवा नियम, 1958 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बालोतरा के जिला परिवहन अधिकारी भगवानाराम गहलोत को भी नोटिस प्रादेशिक परिवहन अधिकारी दर्शा दिया गया। बालोतरा को सितंबर तक 16.57 करोड़ रुपए का राजस्व लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले 12.49 करोड़ रुपए की वसूली हुई। गहलोत ने कहा कि वे डीटीओ हैं, आरटीओ नहीं। सही और आधिकारिक पत्र मिलने पर ही जवाब देंगे।