
जोधपुर.
सिवांची गेट क्षेत्र में विद्यालय जा रही एक छात्रा से युवक ने सरेराह छेड़छाड़ की तो साथ चल रही छात्राओं ने उसे पकड़ जोरदार पिटाई कर डाली। सबक सिखाने के बाद उसे छोड़ दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कक्षा 9वीं व दसवीं की कुछ छात्राएं दोपहर में विद्यालय जा रही थी। रास्ते में एक युवक आया व एक छात्रा से छेड़छाड़ करने लगा। उसकी इस हरकत से वह घबरा गई। यह देख साथी छात्राओं ने हिम्मत दिखाई। छात्राओं ने उसे घेर लिया और छेड़छाड़ करने वाले युवक को पकड़ा लिया और जमकर धुनाई करने लगीं।
यह देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन छात्राएं रूकी नहीं। उन्होंने युवक की पिटाई चालू रखी। काफी देर तक उसकी पिटाई करने के बाद लोगों ने बीच-बचाव किया और युवक को छुड़ाया। इस संबंध में पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई। छात्राओं के चंगुल से छूटकर युवक वहां से भाग गया।
आरोप : प्रतिदिन होती है छेड़छाड़ छात्राआें का कहना है कि पैदल विद्यालय आते और जाते समय राह में अनेक युवक छात्राओं से अभद्र व्यवहार व छेड़छाड़ करते हैं। जिससे छात्राएं काफी परेशान हैं। कुछ ही दूरी पर पुलिस स्टेशन है, लेकिन छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। विद्यालय में शिक्षक व शिक्षिकाओं ने एेसे युवकों को सबक सिखाने के लिए छात्राओं की हौसला अफजाई की। यही वजह है कि छेड़छाड़ होने पर छात्राओं ने घबराने की बजाय युवक को सबक सिखाया।