
जोधपुर.
एनजीटी के आदेश पर गठित एसटीएफ ने झंवर थानान्तर्गत गेलावास गांव के खेत में दबिश देकर अवैध रूप से कपड़ों की धुलाई बंद करवाई और फैक्ट्री सीज की। धुलाई के आए कपड़ों के 110 थान जब्त किए गए हैं।
एसटीएफ प्रभारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील के.पंवार ने बताया कि गेलावास गांव निवासी सुमेरसिंह के खेत में कपड़ों की धुलाई का काम होने की सूचना मिली। इस पर एसआई जयसिंह व बुद्धसिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सहीराम, कांस्टेबल श्रवणसिंह व नरोत्तम ने वहां दबिश दी, जहां ७० गुणा ४० वर्ग फुट के दायरे में पट्टियों पर बांस के अडाण बनाए हुए थे। कपड़े धोने की १२ हौदियां बनी हुई थी। अडाण पर कपड़ों के साठ थान सूख रहे थे। पास ही एक सूखा कुआं व साफ पानी का हौद भी बना हुआ था। ११ हौद में कपड़ों के पचास थान धुलाई के लिए रखे हुए थे।
गेलावास गांव निवासी खेत मालिक सुमेरसिंह पुत्र हरिसिंह ने कपड़ों की धुलाई के संबंध में कोई लाइसेंस न होने की जानकारी दी। एसटीएफ ने कपड़ों के थाने, पानी की मोटर व फैक्ट्री सीज कर झंवर थाने में सुमेरसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया।