
जोधपुर.
बासनी थानान्तर्गत सांगरिया फांटा के पास मालियों की ढाणी स्थित मकान में गुरुवार को गर्भवती महिला संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकी मिली। पीहर पक्ष ने सास, ससुर, जेठ व जेठानी पर प्रताडऩा और हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाकर बासनी थाने में मामला दर्ज कराया।
थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह के अनुसार सांगरिया फांटा के पास मालियों की ढाणी निवासी पायल उर्फ ममता (२३) पुत्र अजय गहलोत का शव सुबह प्रथम मंजिल पर कमरे में ओढऩे के फंदे से पंखे पर लटका मिला। वह गर्भवती थी। पति अजय मकान के नीचे स्थित किराणा दुकान खोलने के लिए आया हुआ था। मगरा पूंजला में रामसागर से पीहर पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत्यु पर संदेह व्यक्त किया। बड़े भाई की तरफ से सास, ससुर, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज के लिए प्रताडि़त करने और दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मिस कॉल आने पर कमरे में गया तो फंदे पर लटकी मिली
पुलिस का कहना है कि ममता उर्फ पायल की शादी डेढ़ साल पहले अजय से हुई थी। ससुराल वालों से मनमुटाव के चलते गत १२ जुलाई को दोनों घरवालों से अलग रहने लगे थे। पति मकान के नीचे किराणा दुकान चलाता है। प्रथम मंजिल पर पति-पत्नी रह रहे थे। अल-सुबह पति दुकान खोलने नीचे आया। काफी देर तक पत्नी नीचे नहीं आई। फिर अजय के मोबाइल में पत्नी का मिस कॉल आया। वह कमरे में गया तो दरवाजा बंद मिला। उसने धक्का देकर दरवाजा खोला तो पत्नी फंदे पर लटक रही थी।
एक पुत्री का निधन, अब फिर थी गर्भवती
मृतका के बड़े भाई का आरोप है कि शादी के बाद सास-ससुर, जेठ व जेठानी दहेज के लिए उसे प्रताडि़त और मारपीट करते थे। पुत्री का जन्म और फिर निधन होने के बाद भी प्रताडि़त करते रहे। पीहर पक्ष ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।