
जोधपुर। शेरगढ़ थाना क्षेत्र के सोलंकियातला गांव में सुनार के अपहरण और उसके पास से सोने-चांदी के आभूषण लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी नारायणराम भील अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों से लूटे गए आभूषण और वारदात में इस्तेमाल साधनों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
शेरगढ़ थानाधिकारी खेताराम सियोल ने बताया कि पदमगढ़ सोलंकियातला निवासी कैलाश सोनी ने 22 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दी थी। कैलाश ने बताया कि 20 जुलाई की रात अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और उसके पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शेरगढ़ थाना पुलिस और जिला विशेष टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल संबंधी जानकारी और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच शुरू की। 8 अगस्त को जिला विशेष टीम प्रभारी श्रवण कुमार भंवरिया के नेतृत्व में संदिग्धों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को वारदात से जुड़े आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों को कैलाश सोनी के दुकान से घर आने-जाने की जानकारी मोबाइल के जरिए दी जाती थी। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने उसकी आवाजाही पर नजर रखी और 20 जुलाई की रात सोलंकियातला में उसे निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने श्रवणराम मेघवाल (22) निवासी सेखाला, मगराम मेघवाल (29) निवासी रायसर, अशोक कुमार भील (24) निवासी फतेहसागर पीपला थाना लोहावट और अचलाराम भील (20) निवासी सोलंकियातला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल किया है। पूछताछ में वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूटे गए आभूषणों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने नारायणराम भील को मामले में वांछित बताया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी और वारदात में इस्तेमाल साधनों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।