जोधपुर

Anita Bishnoi: इन्फ्लूएंसर अनिता बिश्नोई को जोधपुर के अस्पताल से मिली छुट्टी, जानिए घर आकर क्या बोलीं

Anita Bishnoi: सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अनिता बिश्नोई को जोधपुर शहर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। मारवाड़ में सोशल मीडिया पर चर्चित अनिता बिश्नोई ने ट्रोलिंग के चलते खुदकुशी का प्रयास किया था।
3 min read
Jun 21, 2026
Anita Dinesh Bishnoi
इन्फ्लूएंसर अनिता बिश्नोई। फोटो: सोशल

जोधपुर। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अनिता बिश्नोई को जोधपुर शहर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बता दें कि जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ में रहने वाली ​अनिता बिश्नोई ने 3 जून को सुबह करीब 11 बजे अपने घर पर विषाक्त खा लिया था। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर 17 दिन तक वे अस्पताल में भर्ती रही। लेकिन, उनके चाहने वालों के लिए अच्छी खबर यह है कि हालत में सुधार होने के बाद अब अनिता बिश्नोई को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अनिता के फेसबुक पर 13 लाख और इंस्टाग्राम पर 6.45 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।

जानकारी के मुताबिक अनिता बिश्नोई को शनिवार को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वे अब स्वस्थ है। लेकिन, डॉक्टरों ने उन्हें अभी बेड रेस्ट की सलाह दी है। मारवाड़ में सोशल मीडिया पर चर्चित अनिता बिश्नोई ने ट्रोलिंग के चलते खुदकुशी का प्रयास किया था। इस मामले में उनके पति ने ​बनाथ पुलिस थाने में केस भी दर्ज करवाया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

डॉक्टर अमित सागर की टीम को धन्यवाद

अस्पताल से घर पहुंचने के बाद अनिता बिश्नोई ने डॉक्टर अमित सागर की टीम और आईसीयू स्टाफ को धन्यवाद दिया। अनिता बिश्नोई ने रविवार को अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि मेरे भाई और डॉक्टर साहब फलाण जी सभी बोल रहे हैं कि तुम्हें हॉस्पिटल लेकर आए, तब कम से कम 250 से 300 आदमी खड़े थे और वह सब एक ही बात कर रहे थे कि किसी हालत में अनीता को बचाना है। उनकी कोशिश सफल रही। उन्होंने मुझे जल्दी से आईसीयू में एडमिट कराया और मैं आज आपके बीच आपकी वजह से ही हूं।

फॉलोअर्स बोले- काम आई लाखों लोगों की दुआ

जोधपुर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद फेसबुक यूजर्स ने लिखा कि फाइनली बहन अनिता बिश्नोई को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया, वे अब स्वस्थ है। लेकिन अभी भी बेड रेस्ट की जरूरत है। कुछ दिन पहले अनिता ने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने की वजह से जहर खा लिया था और आत्महत्या का प्रयास किया था। लेकिन लाखो लोगों की दुआ व समय पर हॉस्पिटल पहुंच गए थे और उनकी जिंदगी बच गई। यूजर्स ने आगे लिखा कि सभी भाई बहनों से निवेदन है कि कभी भी आत्म हत्या का प्रयास नहीं करे ज़िंदा रहकर दुश्मनों से लड़ेंगे।

वहीं, एक्स पर फॉलोअर्स सुरेश नोरवा ने लिखा कि बहन अनिता विशनोई को एमडीएम हॉस्पिटल से छुट्टी मिल चुकी हैं बहन अब स्वस्थ है। लाखो लोगों की दुआ और दवा दोनों काम आई। आज उसी वजह से बहन अनिता बिश्नोई स्वस्थ होकर अपने घर लौटी। बहन अनिता विश्नोई को नया जीवनदान मिला है। नए जीवन दान की खूब खूब बधाई और शुभकामनाएं।

अनिता विश्नोई ने क्यों खाया था विषाक्त?

इन्फ्लूएंसर अनिता विश्नोई (32) की 'कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आएगी… रोटी हो गई ब्रेड तो ताकत कहां से आएगी… इंसान हो गए पैसे के तो प्रेम कहां से आएगा' पोस्ट के बाद शुरू हुई ट्रोलिंग ने उसे इतना तोड़ दिया था कि उसने विषाक्त खा लिया था। पुलिस को दिए बयान में पति दीनाराम ने कहा था कि उनकी पत्नी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर लगातार हो रही अनुचित टिप्पणियों और ट्रोलिंग से बेहद परेशान थी। कुछ लोगों ने उनके पहनावे को लेकर टिप्पणी की थी, जिससे वह मानसिक रूप से प्रभावित हुई थी।

दीनाराम बिश्नोई की ओर से बनाड़ पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में बताया गया था पत्नी अनिता बिश्नोई की इंस्टाग्राम आईडी पर मालाराम बैगरा ने गलत कमेंट किया था। घटना से कुछ घंटे पहले अनिता ने भावुक संदेश पोस्ट किया था। जिसमें लिखा कि आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी। उनके फॉलोअर्स ने उन्हें हिम्मत बनाए रखने और गलत कदम न उठाने की सलाह दी थी। अनिता का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह कह रही थी कि कोई भी महिला ऐसा कदम तभी उठाती है, जब उसकी इज्जत पर कीचड़ उछाला जाता है।

Updated on:
21 Jun 2026 01:13 pm
Published on:
21 Jun 2026 12:41 pm