
आगोलाई। राजीव गांधी थानांतर्गत केरु पुलिस चौकी हल्के की सालोड़ी ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार केरु कस्बे स्थित एक निजी स्कूल श्री बीएल मेमोरियल एकेडमी की बस नारवा, मालूंगा से बच्चों को लेकर वापस केरु आ रही थी। सालोड़ी से पहले गणेश जी की प्याऊ के पास तिराहे पर बस चालक ने संतुलन खो दिया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के समय बस में करीब डेढ़ दर्जन बच्चे सवार थे, जिससे बस में सवार छात्र-छात्राओं की चीख-पुकार से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बच्चों को क्षतिग्रस्त बस बाहर निकाल कर केरु सीएचसी पहुंचाया। जहां पर सभी चोटिल बच्चों का उपचार कर छुट्टी दे गई। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे में किसी भी बच्चे को ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन क्षेत्र में ओवरलोड निजी स्कूलों की बसें तेज गति व लापरवाही से दौड़ रही हैं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर बस को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।
वहीं जोधपुर के बासनी क्षेत्र में बीती रात शराब पीकर कार ड्राइव करना कुछ वाहन चालकों को भारी पड़ गया। पुलिस की हथियारबंद नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे अलग-अलग पांच जनों को पकड़ा गया। जांच में शराब की पुष्टि होने पर पुलिस ने पांच कारें जब्त कर ली। इनके विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। थानाधिकारी जितेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बासनी थाना पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और बिना नंबरी वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी की थी, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा सांगरिया बायपास स्थित एक रेस्टोरेंट में दबिश देकर अवैध रूप से धूम्रपान सामग्री का भंडारण कर ग्राहकों को हुक्का पिलाते हुए हुक्का बार संचालक आकाश खेमादा पुत्र रामेश्वर मेघवाल को गिरफ्तार किया गया। रामेश्वर नागौर के मेड़ता रोड स्थित मेघवालों का बास निवासी है। पुलिस ने धूम्रपान प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।