
जोधपुर . केंद्रीय राज्य मंत्री अल्प संख्यक मामलात और संसदीय कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि तीन तलाक एक कुरीति थी, एक अंधविश्वास था। वे बोले कि देश में मौजूद तमाम कुरीतियों व कुप्रथाओं को मिटाने के लिए समय समय पर पहले भी कई फैसले हुए हैं। मोदी सरकार ने तीन तलाक पर जो फैसला किया है। उससे निश्चित तौर पर कुरीतियां खत्म होंगी। इससे महिलाओं को पूरा संवैधानिक अधिकार मिलेगा। वे शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे। पत्रकारों से बातचीत में नकवी ने कहा कि सरकार की ओर से तीन तलाक विधयेक मुस्लिम महिलाओं की भलाई के लिए है। जोधपुर में प्रस्तावित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलात के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी जोधपुर पहुंचे हैं।
विकास का मसौदा, वोट का सौदा नहीं
उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास का मसौदा वोट का सौदा नहीं है। हम आखिरी पायदान तक खड़े व्यक्तियों तक विकास की रोशनी पहुंचाना चाहते हैं। जब हम बिना तुष्टिकरण के सशक्तिकरण की बात करते हैं तो आखिरी पायदान पर खड़े आदमी तक विकास की रोशनी पहुंचाने के संकल्प के साथ काम करते हैं। जो जरूरतमंद हैं, जो कमजोर हैं, जो पिछड़ा है, उस तक विकास पहुंचना चाहते हैं।
इससे पहले केन्द्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सुनील सिंघी शुक्रवार को दो दिवसीय प्रवास पर जोधपुर पहुंचे। उन्होनें यहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नए 15 सूत्रीय क्रियान्वयन कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में शामिल होने आए आयोग के सदस्य का भाजपा के जिला महामंत्री महेन्द्र मेघवाल एवं मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया सहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सर्किट हाउस में आयोग सदस्य सिंघी ने केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की अल्पसंख्यकों के लिए चल रही योजनाओं का फीडबैक लिया। सिंघी ने बताया कि जोधपुर में आज प्रस्तावित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलात के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी जोधपुर पधार रहे हैं।