जोधपुर

Water Supply Alert: नोट कर लें तारीख, जोधपुर में इस दिन नहीं आएगा पानी, पूरे शहर में बंद रहेगी सप्लाई

Jodhpur Water Supply: जोधपुर शहर में 15 मई को फिल्टर प्लांट और पाइप लाइनों की सफाई व मरम्मत के कारण पानी की सप्लाई बंद रहेगी। जलदाय विभाग ने अलग-अलग इलाकों के लिए बदली हुई जलापूर्ति तिथियां जारी की हैं।
2 min read
May 13, 2026
Jodhpur Water Crisis - Demo PIC
Jodhpur Water Crisis - Demo PIC

जोधपुर। गर्मी के मौसम में पानी का भंडारण करने और शहर के फिल्टर प्लांट, पंप हाउस व पाइप लाइनों की जरूरी सफाई और मरम्मत के कारण 15 मई को जोधपुर शहर के सभी फिल्टर हाउस से पानी की सप्लाई बंद रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बताया कि कायलाना, चौपासनी और सुरपुरा फिल्टर हाउस से जुड़े सभी इलाकों में 15 मई को होने वाली पानी की सप्लाई अब 16 मई को और 16 मई की सप्लाई 17 मई को की जाएगी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग नगर वृत्त जोधपुर के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र मेहता ने बताया कि झालामंड और तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुड़े सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के अलग-अलग सेक्टर, पाल बाइपास और शिल्पग्राम के आसपास के इलाकों में 15 मई को सुबह 10 बजे तक पानी की सप्लाई सामान्य रहेगी। इन इलाकों में 16 मई की सप्लाई 17 मई को और 17 मई की सप्लाई 18 मई को की जाएगी।

पेयजल संकट गहराया

वहीं दूसरी तरफ जोधपुर जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। जलदाय विभाग की ओर से राहत के तौर पर करीब 140 गांवों और 300 ढाणियों में निशुल्क पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं। जलदाय विभाग की ओर से लूणी, झंवर, कुडी भगतासनी तहसीलों के अलावा जिले के गांवों तक टैंकरों से निशुल्क पानी सप्लाई की जा रही है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था पर्याप्त साबित नहीं हो रही।

पानी की खपत बढ़ी

ग्रामीणों के अनुसार तेज गर्मी के कारण पानी की खपत बढ़ गई है, वहीं हैंडपंप और स्थानीय जलस्रोत पहले ही जवाब दे चुके हैं। ऐसे में लोगों की निर्भरता पूरी तरह टैंकरों पर आ गई है। महिलाओं और बच्चों को पानी भरने के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है। विभाग के एसई ग्रामीण अजयकिशन छंगाणी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टैंकर भी लगाए जा रहे हैं।

अवैध जल कनेक्शनों पर सख्त विभाग

मुख्य पाइप लाइन पर अवैध जल कनेक्शनों के कारण गांव-ढाणियों में जलापूर्ति बाधित हो रही है। इससे अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंंच पा रहा है, व लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस समस्या के निवारण के निवारण के लिए विभाग अब अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन हटाएगा। विभाग के अधिशाषी अभियंता महेन्द्र किराड़ ने बताया कि पुलिस बल की सहायता से अवैध जल कनेक्शन हटाए जाएंगे।

Updated on:
13 May 2026 04:47 pm
Published on:
13 May 2026 04:45 pm