जोधपुर

LPG Cylinder: शादी वाले घरों को सिलेंडर के लिए कहां करना होगा आवेदन, क्या लगेंगे दस्तावेज, यहां जानें

LPG Cylinder Crisis: जोधपुर में शादी समारोहों के दौरान गैस सिलेंडर की किल्लत दूर करने के लिए रसद विभाग ने कंट्रोल रूम शुरू किया है। अब आवेदन के आधार पर तय संख्या में वाणिज्यिक सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।

2 min read
Apr 13, 2026
फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। विवाह समारोहों के दौरान वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की किल्लत और अव्यवस्था को देखते हुए रसद विभाग ने जिला रसद अधिकारी कार्यालय प्रथम में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कार्य करेगा, जहां से शादी वाले परिवारों को सिलेंडर आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पहले ही दिन शादियों से जुड़े करीब 50 निमंत्रण पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से शाम तक 34 परिवारों को 19 किलो के वाणिज्यिक सिलेंडर देने के आदेश जारी कर दिए गए।

यह वीडियो भी देखें

ये भी पढ़ें

Nikay-Panchayat Election: जानिए कब पंचायत-निकाय चुनाव करवाना चाहती है भजनलाल सरकार, हाईकोर्ट में कही बड़ी बात

विभाग के अनुसार जिन शादियों की तिथि नजदीक थी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर आवंटित किए गए, जबकि शेष आवेदनों को उनकी तिथि के अनुसार बाद में निपटाया जाएगा। वर्तमान व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में एक शादी वाले घर को अधिकतम तीन वाणिज्यिक सिलेंडर और ग्रामीण क्षेत्रों में दो सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आवेदन करने वाले परिवारों को संबंधित गैस एजेंसी का नाम, पता और संपर्क नंबर भी दिया जा रहा है, ताकि वे वहां से निर्धारित समय पर सिलेंडर प्राप्त कर सकें।

दो कंट्रोल रूम बनाए

व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला रसद अधिकारी प्रथम कार्यालय में दो कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। पहले कंट्रोल रूम में प्रवर्तन अधिकारी मानवेन्द्र और वरिष्ठ सहायक परमवीर चावड़ा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दूसरे कंट्रोल रूम में जिला रसद अधिकारी द्वितीय कार्यालय से प्रवर्तन अधिकारी कृष्णा कंवर और जेसीओ अमर सिंह को तैनात किया गया है। ये सभी कार्मिक विवाह आयोजनों के लिए आवश्यक वाणिज्यिक सिलेंडरों के आवंटन और अनुमति प्रक्रिया को संभाल रहे हैं।

ऐसे करें आवेदन

जिन परिवारों में शादी का आयोजन है, उन्हें कलक्ट्रेट स्थित रसद विभाग कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम पर आवेदन करना होगा। इसके लिए साधारण प्रार्थना पत्र के साथ शादी का निमंत्रण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। आवेदन प्राप्त होने के बाद विभाग शादी की तिथि के अनुसार प्राथमिकता तय करता है और आमतौर पर उसी दिन शाम तक सिलेंडर आवंटन के आदेश जारी कर दिए जाते हैं।

आदेश जारी होने के बाद आवेदक उसी दिन या अगले दिन संबंधित गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। इस व्यवस्था से विवाह समारोहों के दौरान गैस सिलेंडर की कमी से होने वाली परेशानी को काफी हद तक कम करने का प्रयास किया जा रहा है। कुल मिलाकर यह पहल आमजन को राहत देने और व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें

Jodhpur: घर का सपना देख रहे लोगों को लगा बड़ा झटका, अब मकान बनाने से पहले लगाने होंगे गुजरात के चक्कर, जानें पूरा मामला
Also Read
View All