जोधपुर

जिसने पार्टी को बुरे हाल से निकाला, उसी की उपेक्षा : लोटवाड़ा

  श्री राजपूत सभा जयपुर के अध्यक्ष गिरिराजसिंह लोटवाड़ा ने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह जसोल भाजपा को बुरे समय से निकाल कर सत्ता में लाए, लेकिन पार्टी ने उनकी उपेक्षा कर बुरे हाल पर छोड़ दिया।परिवार और समाज के साथ अन्याय करने वाली भाजपा के खिलाफ पचपदरा में शनिवार को स्वाभिमान रैली आयोजित की जाएगी।
2 min read
Sep 22, 2018
Who has removed the party badly, ignore it: Lotwada
जिसने पार्टी को बुरे हाल से निकाला, उसी की उपेक्षा : लोटवाड़ा

जोधपुर.
श्री राजपूत सभा जयपुर के अध्यक्ष गिरिराजसिंह लोटवाड़ा ने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह जसोल भाजपा को बुरे समय से निकाल कर सत्ता में लाए, लेकिन पार्टी ने उनकी उपेक्षा

कर बुरे हाल पर छोड़ दिया। परिवार और समाज के साथ अन्याय करने वाली भाजपा के खिलाफ पचपदरा में शनिवार को स्वाभिमान रैली आयोजित की जाएगी। लोटवाड़ा ने स्वाभिमान रैली की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मारवाड़ राजपूत सभा भवन में आयोजित बैठक में कहा कि शिव विधायक मानवेंद्रसिंह के राजनीतिक भविष्य का फैसला इसी रैली में होगा। वे आगामी चुनाव कांग्रेस से लड़ेंगे या तीसरा मोर्चा से, इसका फैसला रैली में किया जाएगा। बैठक में जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, डीडवाना, समैत कई जिलों के राजपूत समाज के संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
लोटवाड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार ने आनंदपाल एनकाउंटर, समराऊ समेत कई प्रकरणों में समाज के लोगों को झूठे मामलों में फंसाया। राजपूत समाज में सरकार के खिलाफ अक्रोश है।

केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री और जोधपुर से सांसद गजेंद्रसिंह शेखावत को पार्टी की चुनाव समिति का संयोजक बनाकर समाज को खुश करने की बात पर उन्होंने कहा कि शेखावत की भी उपेक्षा की गई हैं। उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाने की बात चल रही थी। 72 दिन तक पार्टी अध्यक्ष नहीं बना पाई और आखिर में मदनलाल सैनी को अध्यक्ष बना दिया गया। मारवाड़ राजपूत सभा अध्यक्ष हनुमानसिंह खांगटा ने कहा कि उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मिलने का प्रयास किया, लेकिन समय नहीं दिया गया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें पहली बार में राहुल गांधी से मिलवा दिया। कांग्रेस ने सरकार बनने पर उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस लेने का आश्वासन दिया।

बैठक में अजमेर राजपूत विकास परिषद अध्यक्ष रणजीत सिंह, अजमेर राजपूत सभा के अध्यक्ष जयसिंह, डीडवाना राजपूत सभा के अध्यक्ष नंदसिंह, बलवीरसिंह, मोहनसिंह, केवी सिंह, सुबेदार लादूसिंह, रघुवीर सिंह, दशरथ सिंह, राम सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित समाज के कई लोग उपस्थित थे।

Published on:
22 Sept 2018 12:09 am