11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर
सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ पर जोधपुर एयरबेस आएंगे पीएम मोदी
Play video

सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ पर जोधपुर एयरबेस आएंगे पीएम मोदी

- दो दिवसीय कमाण्डर कॉन्फ्रेंस 27 से, 28 को आएंगे मोदी
Google source verification

जोधपुर. सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ से एक दिन पहले 28 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर आएंगे। वे यहां देश की तीनों सेनाओं के प्रमुखों की ‘यूनिफाइड कमाण्डर कॉन्फ्रेंस’ को संबोधित करेंगे। कमाण्डर कॉन्फ्रेंस 27 सितम्बर से जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर शुरू होगी। कॉन्फ्रेंस में जम्मू कश्मीर में सेना की ओर से आतंकियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन, चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर साझा रणनीति, हिंद महासागर व पूर्वी चीन सागर में बढ़ रही चीनी घुसपैठ को लेकर चर्चा की जाएगी। सर्जिकल स्ट्राइक की बरसी से एन पहले पाकिस्तानी सीमा से लगते फॉरवर्डिंग एयरबेस पर आयोजित कान्फ्रेंस का मकसद पड़ौसी मुल्क को आतंकवाद के खिलाफ कठोर संदेश देना है।


प्रधानमंत्री मोदी इसके अंतिम दिन तीनों सेना प्रमुखों को संबोधित करेंगे। वे 28 सितम्बर को सिविल एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वे एयरपोर्ट पर ही भाजपा के स्थानीय नेताओं से मिल सकते हैं। फिलहाल पीएम का जोधपुर में कोई सिविल कार्यक्रम नहीं है। उनका एयरपोर्ट से सडक़ मार्ग से एयरफोर्स स्टेशन जाने का कार्यक्रम है। जिला प्रशासन ने जेडीए को एयरपोर्ट से एयरफोर्स स्टेशन तक की सडक़ को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। मार्ग में बीच में आ रहे एक ट्रांसफार्मर के स्थानांतरण को लेकर भी डिस्कॉम अधिकारियों को बताया गया है। प्रदेश में अभी चुनावी मौसम होने से सिविल कार्यक्रम से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में जिला प्रशासन अपनी ओर से भी तैयारियां कर रहा है।

 

पहली बार एयरबेस पर होगी कॉन्फ्रेंस
रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, वायुसेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ, नौ सेनाध्यक्ष एडमिरल सुनील लाम्बा, मिलिट्री ऑपरेशन के निदेशक, रक्षा सचिव सहित कई अधिकारी 27 सितंबर को कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करेंगे। वर्ष 2015 तक कमाण्डर कॉन्फ्रेंस का आयोजन केवल दिल्ली में होता था। मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद इस कॉन्फ्रेंस को दिल्ली से बाहर सैन्य क्षेत्रों में आयोजन करने का फैसला किया। इससे पहले यह कॉन्फ्रेंस नौ सेना के पोत आइएनएस विक्रमादित्य और देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी में हो चुकी है। कमाण्डर कॉन्फ्रैंस के लिए पहली बार एयरफोर्स बेस का चुनाव किया गया है। जोधपुर एयरफोर्स बेस सामरिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। यहां आसपास बीकानेर, नाल, फलोदी एयरफोर्स स्टेशन भी हैं।