जोधपुर

कार जोधपुर में घर के बाहर खड़ी और उदयपुर में नो पार्किंग का कट गया चालान

Wrong Traffic Challan: चालान की कॉपी में वाहन का रंग सफेद दर्शाया गया है, जबकि वास्तविक वाहन ब्राउन रंग का है।

2 min read
Feb 06, 2026
Feature image
wrong challan

Traffic Challan News: राजस्थान में ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए जा रहे कैमरा चालानों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला जोधपुर निवासी नीतू चौहान की कार से जुड़ा है, जिसका चालान उदयपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा काटा गया, जबकि संबंधित वाहन उस समय जोधपुर में घर के बाहर खड़ा होने का दावा किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार कार का रजिस्ट्रेशन नंबर आरजे19 सीएच 5240 है, जो नीतू चौहान पत्नी महेंद्र सिंह चौहान, निवासी जोधपुर के नाम दर्ज है। वाहन मालिक का कहना है कि 1 फरवरी 2026 को शाम करीब 4.30 बजे उनकी गाड़ी जोधपुर में उनके घर के बाहर खड़ी थी। उसी दिन उदयपुर में नो.पार्किंग जोन में पार्किंग का आरोप लगाते हुए ₹200 का कैमरा चालान जारी कर दिया गया।

चालान की कॉपी में वाहन का रंग सफेद दर्शाया गया है, जबकि वास्तविक वाहन ब्राउन रंग का है। इसके अलावा जिस गाड़ी की तस्वीर चालान में दिखाई गई है, उसमें नंबर स्पष्ट रूप से आरजे 19 सीजी 5240 जैसा नजर आ रहा है, जबकि चालान आरजे19 सीएच 5240 नंबर पर जारी हुआ। ऐसे में नंबर प्लेट पढ़ने में तकनीकी चूक या डेटा एंट्री की गलती की आशंका जताई जा रही है।

वाहन मालिक का कहना है कि उन्हें चालान की सूचना पहले व्हाट्सएप पर भेजी गई थी, जिसे उन्होंने फ्रॉड या गलती समझकर नजरअंदाज कर दिया। लेकिन जब इस तरह के और मामलों की जानकारी उन्हें मिली तो उन्होंने अपने मामले की जांच की और पूरा मामला सामने आया।

उल्लेखनीय है कि यह प्रकरण न सिर्फ एक व्यक्ति का है, बल्कि यह सवाल खड़ा करता है कि क्या ऑटोमेटेड कैमरा सिस्टम में नंबर पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पर्याप्त है या नहीं। यदि ऐसी गलतियां हो रही हैं तो आम नागरिकों को अनावश्यक मानसिक और कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब देखना होगा कि ट्रैफिक पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है । इस तरह के मामले पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं।

Updated on:
07 Feb 2026 12:16 pm
Published on:
06 Feb 2026 10:57 am