
Gas cylinder price protest: देश में रसोई गैस की कथित किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर नया बस स्टैंड कांकेर स्थित गैस एजेंसी के सामने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर शहर, कांकेर ग्रामीण और शहर महिला कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता हाथों में गैस सिलेंडर और बैनर लेकर सडक़ों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
दर्शन के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यासीन कराणी ने कहा कि आम जनता गैस की बढ़ती कीमतों और सप्लाई की कमी से परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार देश की जनता की जेब पर बोझ डालकर तेल कंपनियों को अतिरिक्त मुनाफा कमाने का अवसर दे रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष लोमेंन्द्र यादव ने कहा कि सरकार आम लोगों की परेशानी को नजरअंदाज कर रही है। एक तरफ गैस की सप्लाई कम हो रही है और दूसरी ओर दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन मुश्किल होता जा रहा है। गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और सप्लाई में कमी से लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भारती सलाम ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही गैस की कीमतों में राहत नहीं दी और सप्लाई की समस्या का समाधान नहीं किया, तो महिला कांग्रेस आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। कांग्रेस आम जनता की आवाज उठाती रहेगी और सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करना ही होगा।
इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री नरेश ठाकुर, यासीन कराणी, लोमेंन्द्र यादव, भारती सलाम, सुनील गोस्वामी, मृदुला भास्कर, गोमती सलाम, अजय भासवानी, मनोज जैन, नीरा साहू, उदय शर्मा, मुकेश तिवारी, विनोद शोरी, इसहाक अहमद, सोमेश सोनी, टुकेश्वर साहू, चंद्रलोक ठाकुर, ओमप्रकाश देवांगन, संग्राम नेताम, कमल नागवंशी और साधना सलाम सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने शुक्रवार को जिले के गैस एजेंसी संचालकों की बैठक लेकर गैस सिलेण्डर की उपलब्धता और उपभोक्ताओं को वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने घरेलू और कामर्शियल गैस सिलेण्डर का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में ऑनलाइन बुकिंग के दौरान आ रही सर्वर समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कामर्शियल गैस सिलेण्डर की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित ऑयल कंपनियों से पत्राचार करने की बात भी कही गई। बैठक में बताया गया कि घरेलू गैस सिलेण्डर की बुकिंग के लिए शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की समय-सीमा निर्धारित है। उपभोक्ता निर्धारित समयानुसार बुकिंग कर गैस सिलेण्डर प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन द्वारा इस पूरी व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है और वर्तमान में जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि घरेलू और कामर्शियल गैस सिलेण्डर की जमाखोरी से बचें। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ नहीं करने की भी समझाइश दी गई है।