
कांकेर. रबी फसल के लिए पानी की मांग करने वाले पांच किसान नेताओं के खिलाफ कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया। कोतवाली में अपराध दर्ज होने की सूचना पर किसानों में आक्रोश बढ़ गया है। किसान नेताओं ने कहा कि हम तो सूचना देकर कलक्टर से पानी की फरियाद करने के लिए निकले थे। एनएच-30 पर प्रशासनिक अफसरों और पुलिस के जवानों ने जबरन रोक लिया, इससे जाम की स्थिति बनी और यातायात अवरुद्ध के लिए किसान नहीं बल्कि प्रशासनिक अफसर जिम्मेदार हैं।
शुक्रवार को पूर्व सूचना के आधार पर सिंगारभाठ लैम्पस में महापंचायत के बाद दो हजार से अधिक किसानों ने धान फसल में पानी की मांग को लेकर निकले थे। अपराह्न करीब 3.30 बजे दुधावा मोड पर पहले से तैनात पुलिस के जवानों और अफसरों ने किसानों को एनएच-30 पर रोक लिया। आक्रोशित किसानों को रोके जाने पर दुधावा मोड पर जाम की स्थिति बन गई। एनएच पर करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। एनएच जाम होने पर बस क्रमांक सीजी 04 ई 9909 रोडवेज के एजेंट मो. इमरान जनकपुर वार्ड कांकेर निवासी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने किसान मोर्चा के नेता देवाराम साहू, विरेंद्र कोरेटी, प्रकाश मंडावी, केशरी चंद जैन और भुनेश्वर खड़हे के खिलाफ धारा 34 एवं 341 के तहत अपराध दर्ज किया है।
क्या था मामला
ग्रीष्मकालिन धान की खेती में पानी को लेकर किसान एक माह से कलक्ट्रेट का चक्कर लगा रहे थे। 20 दिसंबर को किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने कलक्टर को अल्टीमेटम दिया था कि धान फसल लगाने में छूट नहीं मिली तो 29 दिसंबर को जिले के किसान धरना-प्रदर्शन करेंगे। पूर्व सूचना के आधार पर किसानों ने सिंगारभाठ लैम्पस में शुक्रवार को महापंचायत की। दोपहर बाद हजारों से अधिक किसानों की रैली जैसे ही दुधावा मोड के पास पहुंची पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इससे एनएच जाम हो गया। मौके पर उपस्थिति एसडीएम भारती चंद्राकर और तहसीलदार टीपी साहू ने किसानों को धान की फसल लेने पर प्रतिबंध खत्म होने की घोषण की। इसके बाद किसानों ने विरोध प्रदर्शन को समाप्त कर दिया।
चारामा संयुक्त किसान मोर्चा देवाराम साहू ने कहा कि किसानों पर अफसर तनाशाही रवैया अपना रहे हैं। हम किसान धान की फसल में पानी की मांग को लेकर पहले से सूचना देकर कलक्टर से फरियाद करने के लिए निकले थे। अफसरों ने ही पुलिस बल लगाकर किसानों को एनएच पर रोक लिया था। यह सिर्फ किसानों की मांगों को कूचलने के लिए अफसर कानूनी हथियार बना रहे हैं।
सरोना संयुक्त किसान मोर्चा केशरीचंद जैन ने कहा कि धान की खेती के लिए पानी मांगना किसानों के लिए गुनाह हो गया है। १० दिन पहले विधिवत सूचना देकर किसानों ने शुक्रवार को सिंगारभाठ लैम्पस में महापंचायत के बाद कलक्टर से पानी देने की गुहार करने निकले थे। अब रोडवेज बस संचालक की आड़ में किसानों की मांग कूचलने के लिए झूठी शिकायत पर जुर्म दर्ज किया है।