Kanker Road Accident: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में 5 साल का मासूम भी शामिल है।
Kanker Road Accident: कांकेर जिला में एक बार फिर तेज रफ्तार ने बड़ा कहर बरपाया है। नेशनल हाईवे-30 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर कांकेर के नाथिया नवा गांव के पास रात करीब 11 बजे हुआ। यहां दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 3 महिलाएं, 2 पुरुष और एक 5 वर्षीय मासूम बच्चा शामिल है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने सभी घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रहे सड़क हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि तेज रफ्तार और लापरवाही पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
अपडेट जारी…