
पिकअप पलटने से 15 ग्रामीण घायल (photo source- Patrika)
Road Accident: बीजापुर जिले में एक बार फिर लापरवाही और ओवरलोडिंग का खामियाजा ग्रामीण मजदूरों को भुगतना पड़ा। मजदूरों से भरा एक मालवाहक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार करीब 45 लोगों में से लगभग 15 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे भोपालपट्टनम ब्लॉक के ग्राम सोमनपल्ली के पास हुई। बताया जा रहा है कि पेंटागुड़ा, बारेगुड़ा और दममुर गांव के 40-45 ग्रामीण मजदूर रोजी-रोटी की तलाश में महाराष्ट्र मिर्च तोड़ने के लिए जा रहे थे। सभी मजदूर एक मालवाहक वाहन में सवार थे, जो तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने के कारण अचानक पलट गया।
हादसा इतना गंभीर था कि वाहन पलटते ही उसमें बैठे कई मजदूर नीचे दब गए और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भोपालपट्टनम के उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बीजापुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर के अनुसार, तीन गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है, जबकि बाकी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।
इस घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
यह हादसा एक बार फिर इस बात को उजागर करता है कि ग्रामीण इलाकों में मजदूरों को असुरक्षित और ओवरलोडेड वाहनों में सफर करना पड़ता है, जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। प्रशासन के लिए यह एक चेतावनी है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और जागरूकता बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Published on:
09 Apr 2026 01:49 pm
बड़ी खबरें
View Allबीजापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
