
बिजली बंद करने से बढ़ा आक्रोश (photo source- Patrika)
Chhattisgarh Power Cut: भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने ग्रामीणों और नगरवासियों का गुस्सा भडक़ा दिया है। मई महीने में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में घंटों बिजली गायब रहने का सिलसिला थम नहीं रहा। हालात ऐसे हैं कि हल्की हवा चलते ही बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है और फिर कई-कई घंटों तक बहाल नहीं होती।
इसी बीच बिजली विभाग द्वारा शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मेंटेनेंस कार्य के नाम पर बिजली बंद रखने की घोषणा ने लोगों की नाराजगी को और बढ़ा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब रोजाना ही बिजली की आंख मिचौली जारी है तो फिर मेंटेनेंस किस बात का किया जा रहा है। इसे विभाग की लापरवाही बताते हुए लोगों ने शनिवार को चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की उदासीनता के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। रातभर बिजली गुल रहने से लोग सो नहीं पा रहे हैं, जिससे छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। बिजली कटौती का असर पेयजल व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बिजली नहीं रहने से मोटर पंप बंद पड़े रहते हैं, जिससे पानी की समस्या लगातार गहराती जा रही है। वहीं दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लगातार बढ़ती परेशानियों के बीच अब ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। नगर और आसपास के गांवों के लोगों ने शनिवार को चक्का जाम और जोरदार विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि नियमित और निर्बाध बिजली सप्लाई बहाल नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि जनता अब और परेशानी सहने के मूड में नहीं है।
लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। भीषण गर्मी में बिजली की अनियमितता ने लोगों को गुस्से से भर दिया है और अब शनिवार का विरोध प्रदर्शन बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
इतनी गर्मी में घर के अंदर बैठना मुश्किल हो गया है। रातभर बिजली गायब रहती है और बच्चे रोते रहते हैं। अब ऊपर से 6 घंटे मेंटेनेंस के नाम पर बिजली बंद करने का फैसला लिया गया है। आखिर जनता कब तक परेशान होती रहेगी, विभाग सिर्फ बहाने बना रहा है: सत्येंद्र दानम
दिनभर बिजली नहीं रहने से घर का सारा काम प्रभावित हो रहा है। पानी भरने तक में दिक्कत हो रही है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है। रोज बिजली की आँख मिचौली और अब नया मेंटेनेंस का बहाना, इससे लोगों का गुस्सा बढऩा स्वाभाविक है: रवि कुमार रापार्ती
भीषण गर्मी में लगातार बिजली की आँख मिचौली से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। रातभर ठीक से नींद नहीं हो पा रही और दिन में भी लोग गर्मी से परेशान हैं। हल्की हवा चलते ही बिजली बंद हो जाती है और फिर घंटों तक कोई सुनवाई नहीं होती। अब जनता का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है: इम्तियाज खान
हल्की हवा चलती है और बिजली बंद कर दी जाती है। फिर घंटों तक कोई सुनवाई नहीं होती। शिकायत करो तो कोई फायदा नहीं होता। अब जनता का सब्र टूट चुका है इसलिए हम सब आंदोलन में शामिल होंगे:
उमेश कुमार गुज्जा
Published on:
23 May 2026 11:16 am
बड़ी खबरें
View Allबीजापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
