
Kannauj Wife Murder Case:छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव के सुखवीर सिंह उर्फ मोनू का गुरुवार सुबह करीब 7:15 बजे पत्नी सोनम राठौर (30) से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान सुखवीर ने सोनम के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। सूचना पर ग्रामीण और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन आग पर काबू पाने तक सोनम की मौत हो चुकी थी।
इस हत्याकांड में मृतका के बेटे वेदांत ने पुलिस को घटना से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं। बेटे के मुताबिक, उसका पिता आए दिन मां के साथ मारपीट करता था। गुरुवार को उसके ताऊ शुभमंगल सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह ने पिता को पेट्रोल लाने के लिए रुपये दिए थे। इसके बाद पिता अपनी बुआ के लड़के के साथ बाइक से पेट्रोल लेकर घर पहुंचे।
वेदांत ने बताया कि घर आने के बाद पापा ने मां को कमरे में रखे बेड पर तार से बांध दिया। इसके बाद उनके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मां आग की लपटों में घिरकर काफी देर तक बचाने के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन पापा ने उन्हें नहीं बचाया। आरोप है कि वारदात के बाद पापा ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और दोनों बच्चों को लेकर वहां से चला गया।
पत्नी को आग लगाने के बाद आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घर से ऊंची लपटें उठने लगीं। मकान में घरेलू गैस सिलेंडर होने के कारण ग्रामीणों को उसके फटने का भी डर था। इस वजह से लोग आग बुझाने के लिए घर के नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। करीब एक घंटे तक मकान में आग धधकती रही। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वारदात के बाद सुखवीर अपने दोनों बच्चों को लेकर पुलिस चौकी पहुंचा। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने उसने हाथ जोड़कर कहा, 'साहब, हमने अपनी दगाबाज पत्नी को जिंदा फूंक दिया है।' उसने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह पत्नी से बहुत प्यार करता था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ धोखा किया, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, सुखवीर करीब 12 साल पहले गुड़गांव से सोनम को अपने साथ गांव लेकर आया था। उसने लोगों को बताया था कि दोनों ने शादी कर ली है। बाद में उसने यह भी बताया कि सोनम की पहले भिंड में शादी हुई थी और वह वहां से अलग होकर उसके साथ आई थी। ग्रामीणों का दावा है कि सुखवीर पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई थी।
सुखवीर और सोनम के एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को उनकी नानी यानी मृतका की मां के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और बच्चे के बयान समेत सभी पहलुओं की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।