कानपुर

प्राकृतिक खेती से बढ़ेगी किसानों की कमाई, सीएम योगी बोले- नई तकनीक बनेगी सबसे बड़ी ताकत

CM Yogi Adityanath: कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्राकृतिक खेती और नई तकनीक से किसानों की कमाई बढ़ेगी। जानिए मुख्यमंत्री ने किसानों को क्या बड़ा मंत्र दिया।

2 min read
Jun 18, 2026
Kanpur Natural Farming Workshop, Farmers Income Growth
प्राकृतिक खेती से बढ़ेगी किसानों की कमाई, सीएम योगी बोले- नई तकनीक बनेगी सबसे बड़ी ताकत | फोटो सोर्स- patrika.com

Chemical Free Farming: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अगर किसानों की कमाई बढ़ानी है, तो हमें पारंपरिक प्राकृतिक खेती को नई तकनीक के साथ जोड़ना होगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे रासायनिक खादों और दवाओं का इस्तेमाल बंद करें और प्राकृतिक खेती को एक बड़ा आंदोलन बनाएं। इससे न सिर्फ खेती का खर्च कम होगा, बल्कि लोगों की सेहत भी अच्छी रहेगी। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कैलाश भवन में आयोजित 'प्राकृतिक खेती कार्यशाला-2026' में बोल रहे थे।

तकनीक और नवाचार से बढ़ेगी किसानों की ताकत

कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि खेती को घाटे के सौदे से उबारकर लाभकारी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब हमारे किसान भाई-बहन आधुनिक वैज्ञानिक पद्धतियों और नवाचार को अपनाएंगे, तभी उनकी आय में तेजी से बढ़ोतरी होगी। इस रास्ते में प्राकृतिक खेती सबसे बड़ा जरिया बन सकती है।

प्रगतिशील किसानों का हुआ सम्मान

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खेती में नए-नए प्रयोग करने वाले प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया। सम्मानित किसानों की पीठ थपथपाते हुए उन्होंने कहा कि आज जो किसान पारंपरिक ढर्रे से हटकर कुछ नया कर रहे हैं, वे पूरे समाज के लिए मिसाल हैं। उन्हें देखकर दूसरे किसानों को भी प्राकृतिक और जैविक खेती करने की प्रेरणा मिलेगी।

सेहत और जमीन के लिए केमिकल वाली खेती खतरनाक

सीएम योगी ने खेतों में यूरिया और कीटनाशक दवाओं के बहुत ज्यादा इस्तेमाल पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे न केवल हमारी जमीन की उपजाऊ शक्ति खत्म हो रही है, बल्कि आम लोगों की सेहत पर भी इसका बहुत बुरा असर पड़ रहा है। बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं।
इसके बदले प्राकृतिक खेती के फायदे समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरीके से खेती करने पर बाजार से महंगे खाद-बीज खरीदने का खर्च बच जाता है, जिससे किसानों की लागत बहुत कम हो जाती है। इसके साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से मिट्टी की मूल उपजाऊ शक्ति लंबे समय तक सुरक्षित रहती है और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचता है। सबसे बड़ी बात यह है कि अपनी आने वाली पीढ़ी को बीमारियों से बचाने के लिए हमें शुद्ध और बिना केमिकल वाला अनाज उगाना ही पड़ेगा।

सरकार दे रही है मुफ्त ट्रेनिंग और मदद

मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए हर स्तर पर जागरूकता अभियान चला रही है। किसानों को मुफ्त ट्रेनिंग देने के साथ-साथ आधुनिक कृषि यंत्रों और तकनीकों से जोड़ने के लिए कई सरकारी योजनाएं दी जा रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में नई तकनीक और प्राकृतिक खेती का यह मेल कृषि के क्षेत्र में एक नई क्रांति लेकर आएगा।

Published on:
18 Jun 2026 02:00 pm