कानपुर

इंजीनियर और MBA पास क्रिकेटर बने ठग, बैंक अफसर बन उड़ाए करोड़ों, खरीदी Thar और 1.25 लाख का बैट

कानपुर में पुलिस ने एक क्रिकेटर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करते थे। वे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर खातों से पैसे उड़ा लेते थे। दोनों पहले सिंगापुर की एक कंपनी में काम करते थे।

2 min read
Oct 31, 2025

कोरोना काल में सिंगापुर की नौकरी छूटने के बाद बीटेक और एमबीए पास दो दोस्तों ने साइबर ठगी का गिरोह बना लिया। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर फ्रॉड करने लगे। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तीन लैपटॉप, 14 मोबाइल, एक थार कार और क्रिकेट किट बरामद हुआ है।

डीसीपी क्राइम अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि गोविंद नगर क्षेत्र के सुनील कुमार खन्ना से क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 1.35 लाख रुपये की ठगी की गई थी। मामले की शिकायत पर गोविंद नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू की। डिजिटल साक्ष्यों, बैंक लेन-देन और तकनीकी जांच के आधार पर टीम ने बागपत निवासी अनुज तोमर और दिल्ली निवासी विवेक शर्मा को पंजाब पुलिस की मदद से चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, एक थार कार, क्रिकेट किट और कई लग्जरी सामान बरामद हुए। जांच में सामने आया कि अनुज तोमर एमबीए और विवेक शर्मा बीटेक पास हैं। दोनों ने साथ पढ़ाई करने के बाद सिंगापुर की एक कंपनी में नौकरी की थी, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वे भारत लौट आए और साइबर ठगी करने लगे।

ये भी पढ़ें

Madhyanchal Vidyut Nigam: वर्टिकल व्यवस्था पर फिर संशय: अब 15 नवंबर से लागू होगी नई बिजली प्रणाली, आदेश जारी

कर्ज देने वाले ने सिखाया ठगी का तरीका

पुलिस के अनुसार, सिंगापुर में नौकरी छूटने के बाद दोनों आरोपी भारत लौट आए थे। इस दौरान उन पर भारी कर्ज हो गया था। विवेक शर्मा ने अपने मकान में रहने वाले एक युवक से भी उधार लिया था। जब वह कर्ज नहीं चुका सका, तो उसी युवक ने उन्हें साइबर ठगी करने का तरीका बताया। पुलिस ने बताया कि आरोपी चलती कार में ही लोगों को कॉल कर अपना शिकार बनाते थे। ताकि पीड़ित द्वारा शिकायत करने पर पुलिस को उनकी लोकेशन पता नहीं चल सके। इसके लिए वह प्रतिदिन दिल्ली और पंजाब का सफर करते थे।

दोनों के खिलाफ 35 शिकायतें

पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल में 35 शिकायतें दर्ज है। आरोपितों के खिलाफ दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, गुजरात, हरियाणा आदि राज्यों के लोगों से ठगी की है। आरोपितों के गिरोह में अन्य सदस्य भी शामिल है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे है।

विवेक क्रिकेट का शौकीन

पुलिस ने बताया कि आरोपित विवेक शर्मा क्रिकेट का शौकीन है। वह मोहाली, हरियाणा, चंडीगढ़ में घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुका है। विवेक आईपीएल की तैयारी भी कर रहा था। उसने ठगी की रकम से क्रिकेट खेलने के लिए ऑनलाइन क्रिकेट किट व अन्य सामान मंगाया था।

Updated on:
31 Oct 2025 09:29 am
Published on:
31 Oct 2025 08:57 am
Also Read
View All

अगली खबर