
Traffic Police Constable Killed Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बर्रा एलिवेटेड रोड पर जाम खुलवाने जा रहे दो ट्रैफिक सिपाहियों को एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर भागने की कोशिश में ट्रक आगे चल रहे एक कंटेनर से टकरा गया, जिससे ट्रक ड्राइवर की भी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 4 बजे बर्रा एलिवेटेड रोड पर लंबा जाम लगा हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर नौबस्ता बाईपास पर तैनात ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र और राकेश कुमार अपनी बाइक से जाम खुलवाने के लिए मौके की तरफ रवाना हुए। दोनों सिपाही जैसे ही एलिवेटेड पुल पर पहुंचे तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए आगे निकल गया।
हादसे में आगरा के मूल निवासी और 2018 बैच के ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वहीं, उनके साथी बुलंदशहर निवासी सिपाही राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिपाहियों को कुचलने के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर ने मौके से भागने के लिए रफ्तार और बढ़ा दी। रफ्तार तेज होने के कारण ट्रक पूरी तरह बेकाबू हो गया और आगे चल रहे एक बड़े कंटेनर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर की भी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने कंट्रोल रूम को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल घायल सिपाही राकेश को इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया और गैस कटर से केबिन को कटवाकर ड्राइवर के शव को बाहर निकालवाया। इसके बाद मृत सिपाही जितेंद्र और ट्रक ड्राइवर के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया।
इस दोहरे हादसे के बाद बर्रा एलिवेटेड पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक ट्रैफिक पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मृत ट्रक ड्राइवर की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।