कानपुर

कानपुर में दहशत फैलाने वाले बेल्ट गैंग का मुख्य आरोपी रबाड़ा गिरफ्तार, स्कूली बच्चों से करता था वसूली, पैसे न देने पर पीटता था

Kanpur News: कानपुर के बर्रा में दहशत फैलाने वाले बेल्ट गैंग के मुख्य आरोपी गौरव त्रिपाठी उर्फ रबाड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गैंग स्कूली बच्चों से वसूली और मारपीट करता था।
2 min read
Sep 14, 2026
uttar pradesh police logo
उत्तर प्रदेश पुलिस का लोगो (फोटो एएनआई)

Uttar Pradesh News:कानपुर के बर्रा इलाके में दहशत फैलाने वाले रबाड़ा गैंग के मुख्य आरोपी गौरव त्रिपाठी उर्फ गौरव तिवारी उर्फ रबाड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रबाड़ा पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोप है कि गैंग के सदस्य हाथ में बेल्ट लेकर घूमते थे और लोगों से पैसे वसूलते थे। स्कूली बच्चे भी इनके निशाने पर रहते थे। पैसे देने से इनकार करने पर बच्चों के साथ बेल्ट और जूतों से मारपीट की जाती थी। गैंग के सदस्य मारपीट के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी डालते थे।

सरेआम बेल्ट लेकर घूमते थे गैंग के सदस्य

रबाड़ा गैंग की पहचान ही बेल्ट से मारपीट और दबंगई के लिए बन गई थी। गैंग के लड़के हाथ में बेल्ट लेकर इलाके में घूमते थे। आरोप है कि वे लोगों को डराने के लिए बेल्ट से पीटते थे। इसी वजह से इसे बेल्ट गैंग के नाम से भी जाना जाता था। गैंग के निशाने पर स्कूली बच्चे भी रहते थे। आरोप है कि उनसे पैसे मांगे जाते थे और रकम नहीं देने पर उन्हें बेल्ट और जूतों से पीटा जाता था। इस तरह गैंग के सदस्य बच्चों को डराकर पैसे वसूलते थे।

शराब पार्टी के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक को पीटा

गैंग से जुड़े एक मामले में शराब पार्टी के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक को बंधक बनाकर निर्वस्त्र करने का आरोप है। इसके बाद उसे बेल्ट और जूतों से बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी मारपीट का वीडियो भी बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। गैंग के सदस्य अपनी दबंगई के वीडियो सोशल मीडिया पर डालते थे। आरोप है कि ऐसा इलाके में डर बनाए रखने और अपना वर्चस्व दिखाने के लिए किया जाता था। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद बर्रा पुलिस ने गैंग के खिलाफ कार्रवाई तेज की।

20 हजार का इनामी था मुख्य आरोपी

पुलिस ने गैंग के मुख्य आरोपी गौरव त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, गैंग के कुछ अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन अभी कुछ आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें लगाई हैं। ये टीमें उत्तर प्रदेश के साथ दूसरे राज्यों में भी छापेमारी कर रही हैं।

गैंग की पूरी जानकारी जुटा रही पुलिस

रबाड़ा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गैंग से जुड़े मामलों और उसके सदस्यों की पूरी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, गैंग के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही गैंग चार्ट तैयार किया जाएगा और आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलने समेत दूसरी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Updated on:
14 Sept 2026 12:05 pm
Published on:
14 Sept 2026 12:05 pm