Child home escape:कानपुर के कल्याणपुर स्थित राजकीय बाल गृह से दो छात्र स्कूल के दौरान पानी पीने के बहाने फरार हो गए। सीसीटीवी में वे रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
कानपुर,कल्याणपुर स्थित राजकीय बाल गृह से बुधवार दोपहर दो नाबालिग छात्र पानी पीने के बहाने फरार हो गए। घटना के बाद बाल गृह प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों छात्र कल्याणपुर रेलवे स्टेशन की ओर भागते नजर आए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश के लिए दो टीमें गठित कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 9:50 बजे राजकीय बाल गृह से छह बच्चे रोज की तरह राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय पढ़ने गए थे। दोपहर 12:30 बजे लंच के दौरान 15 वर्षीय कार्तिक और 12 वर्षीय शिवा सिंह पानी पीने के बहाने विद्यालय परिसर से बाहर निकले। मौका पाकर दोनों दीवार फांदकर फरार हो गए। दोपहर 1:30 बजे जब बच्चों को वापस बाल गृह ले जाने के लिए गिनती की गई तो दोनों छात्र गायब मिले। तुरंत विद्यालय परिसर और आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
बाल गृह प्रशासन ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि विद्यालय के कई सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े थे। इसके बाद पुलिस ने पास की एक ज्वेलर्स की दुकान के सीसीटीवी खंगाले। फुटेज में साफ दिखा कि दोनों छात्र विद्यालय की दीवार फांदकर सीधे कल्याणपुर रेलवे स्टेशन की ओर भाग रहे थे। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले ली है।
राजकीय बाल गृह के सहायक अधीक्षक रतन सिंह वर्मा ने बताया कि कार्तिक और शिवा को 25 जून 2026 को बाल गृह में लाया गया था। कार्तिक नौबस्ता के गंगपुर का रहने वाला है, जबकि शिवा ने खुद को फतेहपुर का बताया था। दोनों को पहले अलग-अलग स्थानों से पुलिस ने बरामद कर बाल गृह में दाखिल कराया था। रतन सिंह वर्मा के अनुसार, शिवा की मां विकलांग हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। परिजनों द्वारा रखने से इनकार करने के कारण दोनों पिछले करीब 8 माह से बाल गृह में रह रहे थे।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि सहायक अधीक्षक रतन सिंह वर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें बनाई गई हैं। टीमें रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसीपी ने कहा कि आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। बच्चों के फोटो सभी थानों और जीआरपी को भेजे गए हैं। जल्द ही दोनों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।