कानपुर

तूफान से मची तबाही का मंजर देख लोगों की कांप गयी रूह, तीन की मौत

बीती रात तेज तूफान के साथ हुई बारिश ने ऐसी तबाही मचाई मानो मौत लोगों के सामने मंडरा रही हो।
2 min read
• •
Updated: 4 May 2018, 4:03 PM IST
Destruction by storm
Destruction by storm

कानपुर देहात. बीती रात तेज तूफान के साथ हुई बारिश ने ऐसी तबाही मचाई मानो मौत लोगों के सामने मंडरा रही हो। रात करीब 11 बजे तेज अचानक तूफान आने पर लोगों को कोई मौका नहीं मिला। जो जहां पर था वहीं पर छुपने की कोशिश में लग गया। ऐसे हालातों में बड़े-बड़े पेड़ धराशाई हो गए। जिससे कई जगह मार्ग अवरुद्ध भी हो गए। रात के अंधेरे में वाहन सवार जहां के तहां खड़े हो गए और तूफान का तमाशा देख ईश्वर को याद करने लगे। कहर बनकर आये तूफान से जनपद में तीन लोगों की मौत हो गयी। बेमौत मरने वालों के घर का आलम ये है कि परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।

बीते एक पखवारे में अग्निकांड से फसलों की बर्बादी, आंधी तूफान से लोगों की बेसमय मौत एवं तूफान के साथ बारिश से खेंतो में पक्की खड़ी फसलों का नष्ट होना अच्छे संकेत नहीं है। इसी के साथ बीती रात तूफान ने वह तबाही मचायी कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत हो गयी। बताते चले कि डेरापुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर निटर्रा के मजरा मल्लाहनपुर्वा में तेज आँधी आने पर टीन और मलबा भर भराकर गिरने से 41 वर्षीय सुदेवी की मौत हो गयी। परिजनों ने जैसे तैसे महिला को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इसी तरह सट्टी थाना क्षेत्र के नौबादपुर में आँधी में आवास ढहने से मलबे में दबकर छुन्नूलाल (52) की मौत हो गयी। उसके पत्नी व बच्चों की हालत बिगड गयी। तीसरी घटना में राजपुर क्षेत्र में अचानक पेड़ गिर गया। इससे पहले समीप लेटे अधेड़ साधूराम कुछ समझ पाते, वह पेड़ की चपेट में आ गए और घायल हो गए। सिकंदरा थाना क्षेत्र के कुचैता गाँव में आँधी में दीवार गिरने से पास चारपाई पर लेटे प्रताप सिंह (82) की मौत हुई। वहीं आंधी व पानी से जिले भर में दो सौ से ज्यादा बिजली के पोल उखड़ गए, जिससे पूरे जिले की बिजली गुल हो गई। अभी तक कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल नहीं हो पाई है।

Published on: