कानपुर

Kanpur News:घरेलू कलह बनी काल, बेटी के जन्मदिन पर पिता ने की आत्महत्या

Kanpur Suicide:कानपुर के सेनपश्चिम पारा में घरेलू कलह के चलते लेदर फैक्टरी सुपरवाइजर बुद्धि प्रकाश ने फांसी लगाकर जान दी। शराब की लत के कारण पत्नी को घर से निकाला था। बेटी के जन्मदिन वाले दिन ही घटना हुई। पुलिस जांच में जुटी है।

2 min read
Apr 27, 2026
सांकेतिक फोटो

कानपुर। सेनपश्चिम पारा क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। घरेलू कलह के चलते जाजमऊ स्थित लेदर फैक्टरी में सुपरवाइजर 50 वर्षीय बुद्धि प्रकाश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह रही कि जिस दिन घर में बेटी का जन्मदिन था, उसी दिन पिता की मौत ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

ये भी पढ़ें

कानपुर में दर्दनाक हादसा: खड़ी डीसीएम से टकराई बाइक, पिता-पुत्र की मौके पर मौत

शराब की लत बनी विवाद की जड़

मृतक की पत्नी रेखा ने पुलिस को बताया कि बुद्धि प्रकाश शराब के आदी थे। नशे की लत के कारण घर में आए दिन झगड़ा और मारपीट होती थी। तीन दिन पहले भी दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी झगड़े के बाद बुद्धि प्रकाश ने पत्नी को घर से निकाल दिया। इसके बाद रेखा अपने मायके यशोदा नगर चली गई थीं। परिजनों का कहना है कि शराब के कारण परिवार का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा था और बच्चे भी डरे-सहमे रहते थे।

घर में मच गई चीख-पुकार

परिजन घर पहुंचे तो कमरे का दृश्य देखकर सन्न रह गए। बुद्धि प्रकाश का शव फंदे से लटका हुआ था। यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही सेनपश्चिम पारा थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जन्मदिन की खुशियां बदलीं मातम में

परिजनों ने बताया कि रविवार को ही बुद्धि प्रकाश की बेटी का जन्मदिन था। घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन पिता की मौत की खबर ने सब कुछ उजाड़ दिया। बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसियों का कहना है कि सुबह तक घर में जन्मदिन की चर्चा थी, लेकिन शाम होते-होते माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

सेनपश्चिम पारा थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पत्नी के आरोपों और पारिवारिक विवाद को देखते हुए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Updated on:
27 Apr 2026 04:53 pm
Published on:
27 Apr 2026 04:52 pm
Also Read
View All