कानपुर

Kanpur News:पत्नी से कही थी ये बात… दो दिन बाद आम के पेड़ से लटका मिला शव

UP Crime News:कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में आम के बगीचे में पेड़ से अधेड़ का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। दो दिन से लापता राजकुमार कुशवाहा की पहचान होने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Mar 16, 2026
Feature image

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित हाथीगांव रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार को एक आम के बगीचे में अधेड़ का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बगीचे में गए ग्रामीणों की नजर जब पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। बाद में मृतक की पहचान हाथीगांव निवासी राजकुमार उर्फ माना कुशवाहा (50) के रूप में हुई।

दो दिन पहले घर से निकला था, वापस नहीं लौटा

परिजनों ने बताया कि राजकुमार 14 मार्च की सुबह घर से बाइक लेकर काम पर जाने की बात कहकर निकले थे। उस समय उन्होंने पत्नी से बच्चों की देखभाल करने को कहा था और यह भी कहा था कि वह शायद वापस न लौटें। हालांकि उस समय परिवार के लोगों ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया।जब दो दिन तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास तलाश शुरू की।

बाइक बाहर मिली, अंदर पेड़ से लटका था शव

खोजबीन के दौरान परिजनों को राजकुमार की बाइक अस्थाना फार्म हाउस के पास आम के बगीचे के बाहर खड़ी मिली। इसके बाद जब लोग बगीचे के अंदर पहुंचे तो एक आम के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे उनका शव लटका हुआ दिखाई दिया।घटना स्थल के पास ही शराब की बोतल और नमकीन का पैकेट भी पड़ा मिला, जिससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं होने लगीं।

पारिवारिक विवाद की आशंका, पुलिस कर रही जांच

महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
16 Mar 2026 03:57 pm
Published on:
16 Mar 2026 03:57 pm