
सांकेतिक AI फोटो
Kanpur Crime News:कानपुर के रावतपुर गांव में पत्नी पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि टिप्पणी का विरोध करने पर आरोपी ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद दो बाइकों से पहुंचे पांच लोगों ने युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर रावतपुर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रावतपुर गांव के आनंदनगर निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 सितंबर की रात करीब नौ बजे वह अपनी पत्नी के साथ रवेल पैलेस के पास हरि स्वीट हाउस के बगल में स्थित बैटरी की दुकान पर गया था। उसकी गाड़ी की बैटरी चार्ज होनी थी। बैटरी चार्ज कराने के बाद वह पत्नी के साथ घर लौट रहा था।आरोप है कि इसी दौरान वहां खड़े गोविंद उर्फ लालू ने उसकी पत्नी पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। युवक के अनुसार, उसकी पत्नी ने गोविंद को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया।
पीड़ित ने बताया कि पत्नी को घर छोड़ने के बाद वह दोबारा गोविंद के पास पहुंचा और पत्नी के साथ की गई अभद्रता का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर गोविंद ने युवक के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।कुछ ही देर में गोविंद का भाई बिंदु सिंह, महेश सिंह और दो अज्ञात युवक दो बाइकों से वहां पहुंच गए। आरोप है कि पांचों लोगों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के राहगीर और लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित ने रावतपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।वही रावतपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर गोविंद उर्फ लालू, उसके भाई बिंदु सिंह, महेश सिंह और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
23 Sept 2026 10:50 am
Published on:
23 Sept 2026 10:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
