कानपुर

Kanpur News: प्लेटफॉर्म से अस्पताल तक जिंदगी की जंग, एनआईसीयू में नवजात बच्ची ने तोड़ा दम

Kanpur Central station:प्लेटफॉर्म 2/3 पर लाल चादर में लिपटी नवजात बच्ची मिली। रेलवे स्टाफ ने तुरंत डॉक्टर बुलाया, आरपीएफ को सूचना दी। बच्ची को हैलट अस्पताल के एनआईसीयू में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

2 min read
Feb 26, 2026
Feature image

कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 पर देर रात लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। स्टेशन पर तैनात रेलवे स्टाफ की नजर बच्ची पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल उसे चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंचा और बच्ची को हैलट अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल के एनआईसीयू में डॉक्टरों ने नवजात को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस और आरपीएफ मामले की जांच में जुटी है।

गश्त के दौरान दिखाई पड़ी थी नवजात -

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म 2/3 पर बेंच के पास लाल रंग की चादर में लिपटी नवजात बच्ची दिखाई दी थी। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई यह नहीं बता सका कि बच्ची किसकी है। इसी दौरान कुछ वेंडरों ने जानकारी दी कि एक महिला पुल से उतरकर प्लेटफॉर्म पर आई थी। महिला ने बच्ची को वहीं जमीन पर लिटाया, कुछ देर खड़ी रही और करीब दस मिनट बाद वहां से चली गई थी।

प्री-मेच्योर थी बच्ची -

सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित इमरजेंसी मेडिकल रूम (ईएमआर) के कर्मियों को मौके पर बुलाया था। नर्स द्वारा की गई जांच में बच्ची की धड़कन पाई गई थी। इसके बाद आरपीएफ को सूचित कर एंबुलेंस के जरिए बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया था कि बच्ची प्री-मेच्योर है और प्रतीत होता है कि जन्म के तुरंत बाद ही उसे स्टेशन पर छोड़ दिया गया है।

देखें जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज -

पुलिस का कहना है कि स्टेशन के आसपास कई निजी अस्पताल संचालित हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी निजी अस्पताल में जन्म के बाद बच्ची को यहां छोड़ा गया हो। मामले की जांच की जा रही है। स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बच्ची को छोड़ने वाली महिला की पहचान की जा सके।

जल्द ही लगा लिया जाएगा पता -

आरपीएफ प्रभारी एस.एन. पाटीदार ने बताया कि फिलहाल सीसीटीवी में बच्ची को छोड़ते हुए कोई स्पष्ट रूप में सामने नहीं आया है। जांच जारी है। जल्द ही बच्ची को छोड़ने वाले का पता लगा लिया जाएगा।

Updated on:
26 Feb 2026 02:15 pm
Published on:
26 Feb 2026 12:54 am