
कानपुर। कानपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा इलाके में नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में करीब आठ लोग सवार थे। वाहन फतेहपुर की ओर जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे हाईवे पर खड़े ट्रक में जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री कार के अंदर बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल लोग दर्द से तड़पते हुए मदद की गुहार लगाते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल भेजा गया।
हादसे में दो मासूम बच्चों सहित तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रक कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे की सर्विस लेन में खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (HR 14 M 9501) आकर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक घबराकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी-7059 सक्रिय हुई और करीब 13 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर ओवरब्रिज के पास ट्रक चालक को पकड़ लिया।
पकड़े गए ट्रक चालक आदर्श सिंह, निवासी मिर्जापुर, ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक को सर्विस लेन में खड़ा कर आराम कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ट्रक में टकरा गई। हादसे के बाद वह घबरा गया और डर के कारण वहां से चला गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।