Kanpur road accident:कानपुर के टाटमिल चौराहे पर तेज रफ्तार बुलट की टक्कर से घायल 52 वर्षीय बाइक सवार लाल सिंह की तीन दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
कानपुर के टाटमिल चौराहे पर हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की तीसरे दिन मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार रात हुआ था, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान चकेरी थाना क्षेत्र के नेताजी नगर निवासी लाल सिंह (52) के रूप में हुई है। वह रूमा स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे और परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी गुलाबो देवी, पुत्र ओम सिंह और पुत्री साधना सिंह हैं। परिजनों ने बताया कि साधना सिंह बस में कंडक्टर के पद पर कार्यरत हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत की खबर सुनकर सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात लाल सिंह घर से खाना लेकर बाइक से निकले थे। वह किसी परिचित को खाना देने जा रहे थे। आरोप है कि लौटते समय जब वह टाटमिल चौराहे पर पहुंचे, तब सिग्नल रेड था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे बुलट सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई और भर्ती कर उपचार शुरू किया।
थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मृतक के हेलमेट न पहनने की बात भी सामने आई है, जिससे चोट ज्यादा गंभीर हुई। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बुलट चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मामले में सभी पहलुओं की जांच जारी है।