कानपुर

Kanpur News:99.6% अंक लाकर सोनाक्षी गोयल बनीं CBSE 12वीं की नेशनल टॉपर, चार विषयों में मिले पूरे नंबर

Sonakshi Goyal CBSE Topper 2026:कानपुर की सोनाक्षी गोयल ने CBSE 12वीं परीक्षा में 99.6% अंक हासिल कर नेशनल टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। उन्होंने चार विषयों में 100 में 100 अंक पाए। डॉक्टर बनने का सपना देखने वाली सोनाक्षी ने नीट परीक्षा को लेकर छात्रों की परेशानियों पर भी चिंता जताई।

2 min read
May 13, 2026
सोनाक्षी गोयल

CBSE Topper 2026:कानपुर की बेटी सोनाक्षी गोयल ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं परीक्षा में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने पूरे शहर को गौरवान्वित कर दिया है। सर्वोदय नगर निवासी सोनाक्षी ने 99.6 फीसदी अंक हासिल कर नेशनल टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, परिवार, स्कूल और रिश्तेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर भी लोग सोनाक्षी को बधाई दे रहे हैं और उनकी सफलता को मेहनत व अनुशासन का शानदार उदाहरण बता रहे हैं।

ये भी पढ़ें

महोबा के होनहारों का कमाल: प्रखर सिंह बने जिले के टॉपर, 98.2% अंकों से रचा इतिहास

चार विषयों में 100 में 100 अंक, रिकॉर्ड प्रदर्शन से चमकी प्रतिभा

सोनाक्षी की मार्कशीट उनकी मेहनत और लगन की कहानी खुद बयां कर रही है। उन्होंने केमिस्ट्री, बायोलॉजी, वोकल म्यूजिक और कथक जैसे चार विषयों में 100 में से 100 अंक हासिल किए हैं। वहीं अंग्रेजी में 98 और फिजिक्स में 94 अंक प्राप्त हुए हैं।

खास बात यह है कि विज्ञान और कला दोनों क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन कर सोनाक्षी ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की है। आमतौर पर छात्र किसी एक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हैं, लेकिन सोनाक्षी ने पढ़ाई के साथ संगीत और नृत्य में भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सबको चौंका दिया।

डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं सोनाक्षी

सोनाक्षी का सपना डॉक्टर बनना है। उनका कहना है कि वह भविष्य में मेडिकल क्षेत्र में जाकर लोगों की सेवा करना चाहती हैं। हालांकि उनकी इस सफलता के बीच एक चिंता भी सामने आई। उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर चल रही अनिश्चितताओं पर नाराजगी जाहिर की है।

सोनाक्षी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर बार-बार उठने वाले विवाद और परीक्षा रद्द होने जैसी खबरें मेहनत करने वाले छात्रों पर मानसिक दबाव डालती हैं। उनका मानना है कि छात्रों की मेहनत और भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रणाली को और पारदर्शी तथा भरोसेमंद बनाया जाना चाहिए।

18.5 लाख छात्रों ने दी परीक्षा, ऑनस्क्रीन हुई कॉपियों की जांच

सीबीएसई बोर्ड ने 13 मई को 12वीं के परिणाम घोषित किए। संयोग की बात यह रही कि पिछले वर्ष भी इसी तारीख को नतीजे जारी हुए थे। इस बार बोर्ड ने कॉपियों की जांच के लिए ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम का इस्तेमाल किया, जिसमें लैपटॉप और टैबलेट के जरिए उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।

17 फरवरी से 10 अप्रैल तक चली इस परीक्षा में देशभर से लगभग 18.5 लाख छात्र शामिल हुए थे। बोर्ड का कहना है कि डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली से पारदर्शिता और सटीकता बढ़ी है।

कानपुर में जश्न का माहौल, बेटियों की सफलता पर गर्व

सोनाक्षी की सफलता ने कानपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवार का कहना है कि सोनाक्षी शुरू से ही पढ़ाई को लेकर बेहद अनुशासित रही हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ शहर बल्कि प्रदेश की अन्य छात्राओं को भी प्रेरित किया है।

Also Read
View All