कानपुर

Kanpur News: किशोर नाले में मिला शव, गला घोंटकर की गई हत्या, पिता-पुत्र पर हत्या का आरोप

Murder in Kanpur:घर से खेत देखने निकला किशोर देर शाम तक नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद देर रात उसका शव मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
2 min read
Mar 08, 2026
Feature image

कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र के कठेठा गांव में नौवीं कक्षा के एक छात्र की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शनिवार दोपहर खेत देखने गया 15 वर्षीय किशोर अचानक लापता हो गया था। देर रात किशोर नाले में मृत मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए गांव के ही पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

दोपहर से था लापता -

पुलिस के अनुसार कठेठा गांव निवासी संतोष सिंह का इकलौता बेटा प्रतीक उर्फ कृष्णा (15) बरौली स्थित आजाद इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। परिवार में उसकी दो बड़ी बहनें राधा (18) और सोना (17) हैं। बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे प्रतीक साइकिल से घर से लगभग 500 मीटर दूर अपने खेत देखने गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात पिता संतोष सिंह बेटे की तलाश में खेत की ओर पहुंचे। खेत के पास पहुंचने पर उन्हें बेटे की साइकिल खड़ी मिली, लेकिन वह आसपास नहीं दिखा। संतोष सिंह ने उसे कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पास में बह रहे सिंचाई नाले के पास जाकर तलाश की तो वहां बेटे का शव पड़ा था और गले में लोअर का नाड़ा कसा हुआ था।

गांव में रहने वाले पिता पुत्र पर आरोप -

वही घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीण भी पहुंच गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल करी। इस दौरान मृतक किशोर के पिता ने गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई और गांव में ही रहने वाले पिता-पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया। वहीं पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

क्या बोले डीसीपी साउथ -

डीसीपी साउथ ने बताया कि मृतक के पिता संतोष सिंह की तहरीर पर गांव के दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Updated on:
08 Mar 2026 01:33 am
Published on:
08 Mar 2026 01:33 am