कानपुर

यूपी पुलिस के कांस्टेबल को महिला के साथ छेड़छाड़ करना पड़ा महंगा, बहन के साथ मिल सिखाया सबक

UP police कानपुर में स्टांप पेपर लेने गई महिला के साथ कांस्टेबल के छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर महिला का हाथ मरोड़ दिया गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी ने बताया कि कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
2 min read
Oct 29, 2025
महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाला कांस्टेबल (फोटो सोर्स- 'X' कानपुर वीडियो ग्रैब)
फोटो सोर्स- 'X' कानपुर वीडियो ग्रैब)

UP police कानपुर में एक बार फिर वर्दी को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। बाजार में स्टांप पेपर खरीदने गई महिला के साथ कांस्टेबल ने छेड़खानी की। इस पर महिला ने विरोध किया तो कांस्टेबल ने महिला का हाथ पकड़कर मरोड़ दिया। वहीं दूसरी तरफ महिला ने भी हिम्मत नहीं हारी और कांस्टेबल का कॉलर पकड़ लिया। इस दौरान दोनों में ताकत आजमाइश हुई। पीड़िता ने थाना में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी स्वरूप नगर ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कांस्टेबल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पीआरबी में तैनात का कांस्टेबल

उत्तर प्रदेश के कानपुर के काका देव थाना क्षेत्र के आरटीओ ऑफिस के पास लोहारन भट्टा निवासी 38 वर्षीय महिला स्टांप पेपर खरीदने के लिए गई थी। गोल चौराहे पर खड़ी पीआरबी में तैनात कांस्टेबल बृजेश सिंह ने महिला को अकेला देखकर छेड़खानी शुरू कर दी। कांस्टेबल से छूटकर महिला घर पहुंची और घटना की जानकारी घरवालों को दी।

मां और बहन के साथ मौके पर पहुंची पीड़िता

मां-बहन के साथ महिला गोल चौराहा पहुंची। बृजेश सिंह मौके पर खड़ा था। आरोपी को देखकर उसने वीडियो बनाना चाहा तो कांस्टेबल ने मोबाइल छीनने की कोशिश की। इस दौरान कांस्टेबल ने उसका हाथ मरोड़ दिया। इसी बीच उसकी बहन ने डायल 112 पर घटना की जानकारी दी। कांस्टेबल को मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। काकादेव थाना में जाकर उसने शिकायत दर्ज कराई।

क्या कहते हैं एसीपी स्वरूप नगर?

एसीपी स्वरूप नगर सुमित रामटेके ने बताया कि महिला की शिकायत पर कांस्टेबल बृजेश सिंह के खिलाफ छेड़खानी और अभद्रता की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी कांस्टेबल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से भी साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में मामला सही पाया गया। जिसके बाद कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

Updated on:
30 Oct 2025 07:34 am
Published on:
29 Oct 2025 11:26 pm