
Karauli Chandraprakash Singhal Dead: हिंडौनसिटी (करौली): करौली रोड स्थित जलसेन तालाब में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अलसुबह घाटों पर मछलियों को दाना डालने पहुंचे लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान सराफा बाजार के कपड़ा व्यवसायी चंद्रप्रकाश सिंघल उर्फ चंदू पटवारी (58) पुत्र रामचरण पटवारी के रूप में की।
बता दें कि पुलिस ने जिला चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। चंद्रप्रकाश सिंघल पूर्व में बीजेपी के शहर मंडल अध्यक्ष और शहरी निकाय के पार्षद रह चुके थे। घटना को लेकर मृतक के बड़े भाई राजेंद्र पटवारी ने कोतवाली थाने में मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, सुबह कोतवाली के समीप ईदगाह के सामने तालाब में शव मिलने की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह चौधरी ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि परिजनों और जानकारों के अनुसार, चंदू पटवारी पारिवारिक कारणों के चलते कई वर्षों से पत्नी और बच्चों से अलग कृष्णा कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे।
पुलिस ने जिला चिकित्सालय में पंचनामा की कार्रवाई के बाद डॉ. रामनरेश कुंभकार, डॉ. रामहरी मीणा और डॉ. हेमराज सैनी के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण डूबना माना जा रहा है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच थाना अधिकारी महेंद्र सिंह कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात को करौली रोड पर कोतवाली से कुछ दूरी पर ईदगाह के सामने जलसेन तालाब की पाल के पास एक लावारिस बाइक खड़ी थी। कोतवाली थाने के गश्ती दल ने रात करीब एक बजे बाइक के मालिक की तालाब की पाल पर चढ़कर तलाश की। कोई नहीं मिलने पर पुलिस बाइक को उठाकर कोतवाली थाने ले आई। सुबह तालाब में शव मिलने की घटना सामने आने पर बाइक मृतक की होना पाया गया। बाइक की चाबी भी उसके कपड़ों की जेब में मिली थी।