करौली

करौली: रेलवे प्लेटफार्म पर शोर मचाते रहे लोग, पटरी पर युवक ने नहीं सुनी मौत की आहट

हिण्डौनसिटी शहर के रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। जरा सी लापरवाही के चलते एक युवक की जान चली गई। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़े यात्री युवक को आगाह करने के लिए शोर मचाने रह गए और वह मौत की आहट को अनसुना कर अगले ही पल द्रुत गति से नॉन स्टॉप पास हो रही सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आ गया।
2 min read
Jun 27, 2026
Hindaun City railway station
हिण्डौनसिटी रेलवे स्टेशन। फोटो पत्रिका

करौली। हिण्डौनसिटी शहर के रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। जरा सी लापरवाही के चलते एक युवक की जान चली गई। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़े यात्री युवक को आगाह करने के लिए शोर मचाने रह गए और वह मौत की आहट को अनसुना कर अगले ही पल द्रुत गति से नॉन स्टॉप पास हो रही सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह आठ बजे की है। एक युवक फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों का उपयोग करने के बजाय सीधे पटरी पार कर एक से दूसरे प्लेटफार्म की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्टेशन मास्टर के ऑफिस के सामने हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जीआरपी चौकी के सहायक उपनिरीक्षक जीतेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रेन के थ्रू पासिंग का उद्घोष पहले ही किया गया था और पुलिस गश्त भी कर रही थी। बावजूद इसके युवक ने जोखिम उठाया। मृतक का बैग प्लेटफार्म दो पर पहले से रखा मिला, जिसमें कपड़े और चप्पल थे। उसके हाथ पर अंग्रेजी में ‘एन एस’ और ऊपर त्रिशूल का निशान गुदा हुआ था। कोई पहचान पत्र या टिकट नहीं मिला। मृतक की पहचान करौली के बग्गी खाना, पावर हाउस निवासी 26 वर्षीय नरेंद्र जाटव पुत्र ओमकार लाल के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई अमर जाटव ने उसकी पहचान की।

अनदेखी कर रहे यात्री

रेलवे स्टेशन के अधीक्षक वीरेंद्र सिंह बताया कि रेलवे स्टेशन से किसी सुपरफास्ट टेन के थ्रू पासिंग होने पहले सतर्कता की उद्घोषणा की जाती है। इसके कई बार दोहराया भी जाता है। वहीं एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने को पे्ररित किया जाता है। साथ ही ट्रेनों के ठहराव के दौरान जीआरपी व आरपीएफ को भी प्लेटफार्म पर अलर्ट किया जाता है। इसके बावजूद लोग जल्दी बाजी मेंं स्वयं की जान के प्रति बेपरवाह हो जाते हैं।

खूब बरत रहे सख्ती

आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि रेलवे की ओर से जुर्माने की सख्ती के बावजूद लोग पटरी पार कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। नए प्रावधानों के तहत अनाधिकृत रूप से पटरी पार करने पर 500 रुपए जुर्माना तय किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए नियमित कार्रवाई की जा रही है।

Published on:
27 Jun 2026 03:02 pm