करौली

करौली: खेत में इंजेक्शन के डिब्बे से सुनाई दी रोने की आवाज, अंदर मिला नवजात, मचा हड़कंप

टोडाभीम क्षेत्र के ग्राम डोरावली में गुरुवार सुबह खेत में एक नवजात शिशु मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेतों में काम कर रहे मजदूरों को सुबह करीब साढ़े 10 बजे अचानक रोने की आवाज सुनाई दी।
less than 1 minute read
Mar 05, 2026
Feature image
नवजात को चिकित्सालय में कराया भर्ती: फोटो पत्रिका

करौली। टोडाभीम क्षेत्र के ग्राम डोरावली में गुरुवार सुबह खेत में एक नवजात शिशु मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेतों में काम कर रहे मजदूरों को सुबह करीब साढ़े 10 बजे अचानक रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जाकर देखा तो खेत में पड़े इंजेक्शन के डिब्बे से रोने की आवाज आ रही थी। मजदूरों ने पास जाकर देखा तो उसमें एक नवजात मिला। नवजात को देखकर मजदूरों ने तुरंत आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी।

थोड़ी ही देर में मौके पर दर्जनों ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पर उप जिला कलक्टर अमन चौधरी के निर्देश पर तुरंत चिकित्सा टीम को मौके पर भेजा गया। नवजात को सुरक्षित रूप से खेत से निकालकर टोडाभीम के उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ अमरसिंह मीणा सहित डॉक्टरों की टीम ने नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार शुरू किया।

मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ देवीसहाय मीणा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे उप जिला कलक्टर की सूचना पर डोरावली क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सा कर्मियों को मौके पर भेजा गया। टीम ने नवजात को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार और आवश्यक जांच की गई। फिलहाल नवजात की हालत पूरी तरह सुरक्षित और सामान्य है तथा उसका उपचार जारी है।

महुवा विधायक राजेंद्र मीणा को भी मामले में फोन पर सूचना मिलते ही विधायक ने तुरंत उपखंड अधिकारी अमन चौधरी से संपर्क कर मामले की जानकारी दी और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश देने को कहा। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

Updated on:
05 Mar 2026 06:51 pm
Published on:
05 Mar 2026 06:48 pm