करौली

Rajasthan Crime: 8 माह की बच्ची का पिता ही निकला हत्यारा, फंसाने के चक्कर में अपनी ही बेटी को मारा, सनसनीखेज खुलासा

करौली जिले में आठ माह की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। बच्ची की हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसका पिता रामदेव जाटव निकला। वारदात के बाद हत्या का आरोप अपने भतीजों पर लगाकर उन्हें फंसाने की कोशिश की।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 8:07 PM IST
Krauli Crime
Krauli Crime: गिरफ्तार आरोपी पिता (फोटो-पत्रिका)

करौली। जिले के हिण्डौनसिटी में आठ माह की मासूम बच्ची की मौत के मामले में ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। जिस पिता पर अपनी बेटी की सुरक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी थी, वही उसका हत्यारा निकला। घरेलू विवाद के बाद पिता ने अपनी ही आठ माह की बच्ची की जान ले ली और फिर हत्या का आरोप अपने भतीजों पर मढ़ने के लिए झूठी कहानी गढ़ दी। हालांकि पुलिस की जांच में उसकी साजिश ज्यादा दिन नहीं टिक सकी। घटनास्थल के आसपास पूछताछ और गवाहों के बयानों से सच्चाई सामने आई तो पुलिस ने आरोपी पिता रामदेव जाटव (39) निवासी खेड़े का पुरा को गिरफ्तार कर लिया।

नई मंडी थाना अधिकारी नरेश पोसपवाल ने बताया कि 28 अक्टूबर को रामदेव ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि परिवार के कुछ सदस्यों ने घर में मारपीट की, जिसमें उसकी आठ माह की बेटी को भी चोटें आईं। परिजन बच्ची को हिण्डौन के जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वारदात के बाद आरोपी के घर में लगा ताला (फोटो-पत्रिका)

पुलिस को बयानों से हुआ शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में नई मंडी थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। स्वतंत्र और चश्मदीद गवाहों के बयान लिए गए। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और बयानों में अंतर मिलने पर पुलिस का संदेह बच्ची के पिता रामदेव पर गहराने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसकी भूमिका की गहनता से जांच की। आखिरकार पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसकी कथित साजिश का खुलासा हो गया।

पत्नी से विवाद के बाद बच्ची की हत्या

थाना अधिकारी के अनुसार, जांच में सामने आया कि 27 अक्टूबर की रात रामदेव और उसकी पत्नी रेशमा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। नाराज होकर रेशमा घर से बाहर चली गई थी। बाद में पड़ोस के दो-तीन लोग उसे समझाकर वापस घर लेकर आए। अगले दिन सुबह भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान रामदेव के बड़े भाई रामचरण के बेटे रामवीर ने दोनों को झगड़ा करने से मना किया था।

पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज रामदेव ने अपनी आठ माह की बेटी को फर्श पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने भाई के बेटों को फंसाने के इरादे से उनके खिलाफ मारपीट और बच्ची की मौत की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा दी।

आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लेकर पूछताछ

पुलिस ने रामदेव को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। अब मामले में आगे की जांच के लिए आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात के बाद आरोपी ने किस तरह अपने बचाव में झूठी कहानी तैयार की। मामले के खुलासे में नई मंडी थाने के हेड कांस्टेबल राजेश कुमार की विशेष भूमिका रही।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
1 Nov 2026, 8:07 PM IST
Published on: