करौली

राजस्थान पंचायत चुनाव: नाम वापसी के बाद हिण्डौनसिटी की 3 पंचायत समितियों में बदले समीकरण, 51 वार्डों में 373 प्रत्याशी मैदान में

हिण्डौन, श्रीमहावीरजी व शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति के 51 वार्डों में अब कुल 373 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सर्वाधिक 138 प्रत्याशी श्रीमहावीरजी पंचायत समिति में हैं, जबकि हिण्डौन में 123 व शेरपुर-सूरौठ में 112 प्रत्याशी चुनाव मैदान हैं।
3 min read
• •
Updated: 27 Oct 2026, 12:18 PM IST
Karauli Panchayat Election
रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रतीक चिह्न आवंटन के लिए निर्दलीय प्रत्याशियों की भीड़। फोटो: पत्रिका

करौली / हिण्डौनसिटी। पंचायती राज चुनाव के तृतीय चरण को लेकर तीन पंचायत समितियों के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया सोमवार को नाम वापसी का समय पूरा होने के साथ सम्पन्न हो गई। नाम वापसी के समय बीतने के साथ ही हिण्डौन उपखंड क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों की चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। हिण्डौन, श्रीमहावीरजी व शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति के 51 वार्डों में अब कुल 373 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सर्वाधिक 138 प्रत्याशी श्रीमहावीरजी पंचायत समिति में हैं, जबकि हिण्डौन में 123 व शेरपुर-सूरौठ में 112 प्रत्याशी चुनाव मैदान हैं।

हिण्डौन पंचायत समिति के वार्ड 11 में दो प्रत्याशी शेष रहने से सीधा मुकाबला है। खास बात यह है कि दोनों महिला प्रत्याशी कांग्रेस और भाजपा से हैं। रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार वार्ड 11 में कांग्रेस की दुलारी व भाजपा की वीरवती हैं। हिण्डौन में प्रधान की सीट महिला की लिए आरक्षित होने से इस वार्ड को हॉट सीट भी माना जा रहा है।

चुनाव मैदान से पीछे हटे 44 प्रत्याशी

हिण्डौन पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 19 अक्टूबर से चल रही नामांकन प्रक्रिया सोमवार को नाम वापसी के साथ समाप्त हो गई। नाम वापसी की अवधि पूरी होने के बाद अब पंचायत समिति के 17 वाड़ों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। कुल 123 प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में डटे रहने के साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। रिटर्निंग अधिकारी की ओर से चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने के बाद निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जनसंपर्क और प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।

रिटर्निंग अधिकारी महेश चंद्र मान ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान 200 प्रत्याशियों ने कुल 267 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान 33 प्रत्याशियों के नामांकन खारिज होने के बाद 167 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए थे। इसके बाद सोमवार को नाम वापस लेकर 44 प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान छोड़ दिया। इसके साथ ही चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की संख्या 123 रह गई।

हिण्डौन में हैं 59 महिला प्रत्याशी

रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि हिण्डौन पंचायत समिति के 123 प्रत्याशियों में से 59 महिलाएं हैं। वाड 17 में सर्वाधिक 9 महिलाएं हैं। जबकि वार्ड 5 और 7 में एक भी महिल उम्मीदवार नहीं है। रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के अनुसार वार्ड 3 में सर्वाधिक 13 प्रत्याशी हैं, जबकि वार्ड 11 में सबसे कम 2 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं वार्ड 5 और 17 में भी 9-9 प्रत्याश होने से मुकाबला रोचक रहने क संभावना है।

सूरौठ में अब 112 उम्मीदवार मैदान में

सूरौठ तहसील क्षेत्र की पंचायत समिति शेरपुर-सूरौठ के सदस्य पदों के चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 112 उम्मीदवार अंतिम रूप से मैदान में रह गए। उपतहसील शेरपुर स्थित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में निर्धारित समय तक नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया चली। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। रिटर्निंग अधिकारी अशोक कुमार और पंचायत चुनाव प्रभारी राजवीर सिंह डागुर ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कुल 165 नामांकन पत्र जमा हुए थे।

शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का अवसर दिया गया। सोमवार दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान 53 आवेदन वापस लिए गए, जबकि 112 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए। नामांकन वापसी के बाद सभी 17 वार्डों में प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई। वार्डवार उम्मीदवारों की संख्या के अनुसार वार्ड संख्या 1 में सर्वाधिक 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, वार्ड संख्या 7 और 15 में सबसे कम दो-दो उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

श्रीमहावीरजी पंचायत समिति के 17 वार्डों में तस्वीर साफ

श्रीमहावीरजी पंचायत समिति के 17 वार्डों में नामांकन वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन वापस लेने के बाद 50 प्रत्याशियों के मैदान से हटने के बाद अब 138 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए है। प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होने के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है। अब सभी की नजरें वार्डवार मुकाबलों और मतदाताओं के रुझान पर टिकी हैं। नामांकन वापसी के बाद कई वार्डों में चुनावी समीकरण बदल गए हैं। कुछ वार्डो में प्रत्याशियों की संख्या कम होने से मुकाबला सीमित हो गया है, जबकि अन्य में बहुकोणीय संघर्ष के आसार बने हुए हैं। ऐसे में उम्मीदवारों के सामने अपने समर्थकों को एकजुट रखने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की चुनौती रहेगी।

कहीं सीधी टक्कर, कहीं बहुकोणीय मुकाबले के आसार

पंचायत समिति के 17 वार्डों में चुनावी मुकाबले की अलग-अलग तस्वीर सामने आ रही है। कहीं दो प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर होने की संभावना है। तो कहीं त्रिकोणीय और बहुकोणीय मुकाबले के आसार है। ऐसे वार्डों में मतों का बंटवारा जीत-हार का अंतर तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए है। राजनीतिक दलों के स्थानीय पदाधिकारी और समर्थक भी उम्मीदवारों की स्थिति का आकलन कर जीत के समीकरण बनाने में लगे हैं। नामांकन वापसी के बाद अब चुनाव प्रचार में तेजी आने की संभावना है। प्रत्याशी गांवों और ढाणियों में जनसंपर्क बढ़ाकर मतदाताओं का समर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे।

Updated on:
27 Oct 2026, 12:18 PM IST
Published on: